-
☰
उत्तर प्रदेश: मीरजापुर में एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने मासिक अपराध समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, कानून-व्यवस्था पर जोर
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक द्वारा पुलिस लाइन स्थित माँ विन्ध्यवासिनी सभागार कक्ष में जनपदीय पुलिस अधिकारियों के साथ मासिक अपराध एवं कानून-व्यवस्था समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: पुलिस अधीक्षक मीरजापुर अपर्णा रजत कौशिक द्वारा पुलिस लाइन स्थित माँ विन्ध्यवासिनी सभागार कक्ष में जनपदीय पुलिस अधिकारियों के साथ मासिक अपराध एवं कानून-व्यवस्था समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने समस्त प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों एवं शाखा प्रभारियों से परिचय प्राप्त कर थाना/शाखावार अपराध एवं कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लंबित विवेचनाओं, आईजीआरएस/जनसुनवाई प्रकरणों, चिह्नित माफियाओं के विरुद्ध की गई कार्रवाई, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा लंबित अभियोगों की समीक्षा की गई। एसपी ने मादक पदार्थों, अवैध व अपमिश्रित शराब, नशीले पदार्थों की तस्करी, गो-तस्करी तथा शराब, भू, वन एवं खनन माफियाओं के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही महिला संबंधी अपराधों में सख्त निरोधात्मक कार्रवाई, हिस्ट्रीशीटरों पर निगरानी, गैंगस्टर एक्ट एवं गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई तथा टॉप-10 अपराधियों पर विशेष ध्यान देने को कहा। शासन के मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिला पुलिसकर्मियों, एंटी रोमियो टीम एवं महिला बीट आरक्षियों को गांवों व मोहल्लों में जनचौपाल लगाने तथा स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, आत्मरक्षा एवं हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देने के निर्देश दिए गए। पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में चल रहे ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत अधिकाधिक सजा सुनिश्चित कराने, समयबद्ध चार्जशीट दाखिल करने, मालों के निस्तारण तथा विशेष रूप से पाक्सो व दुष्कर्म जैसे मामलों के त्वरित निस्तारण पर बल दिया गया। एसपी ने थानों पर आने वाले पीड़ितों के साथ सद्व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने, महत्वपूर्ण स्थलों पर फुट पेट्रोलिंग बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग, इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी, गुमशुदगी व दुर्घटना प्रकरणों में प्राथमिकता से कार्रवाई, चरित्र/पासपोर्ट सत्यापन तथा शस्त्र लाइसेंस रिपोर्ट शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त आईटीएसएसओ पोर्टल, सीएम डैशबोर्ड, आईजीआरएस एवं अन्य शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण तथा न्यायालय से निर्गत सम्मन, वारंट, बीडब्ल्यू एवं एनबीडब्ल्यू की शत-प्रतिशत तामील सुनिश्चित कराने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन), अपर पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, चुनार, लालगंज, फायर सर्विस, प्रतिसार निरीक्षक सहित जनपद के समस्त प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।