-
☰
No image found.
राजस्थान: 137 यूनिट रक्तदान से स्व. मीना जैन की स्मृति में सेवा अभियान हुआ सफल
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: जयपुर स्व. श्रीमती मीना कुमारी जैन की षष्ठम पुण्य स्मृति के अवसर पर मीना जैन मेमोरियल ट्रस्ट एवं सकल जैन समाज, अग्रवाल फार्म जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
विस्तार
राजस्थान: जयपुर स्व. श्रीमती मीना कुमारी जैन की षष्ठम पुण्य स्मृति के अवसर पर मीना जैन मेमोरियल ट्रस्ट एवं सकल जैन समाज, अग्रवाल फार्म जयपुर के संयुक्त तत्वावधान में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, अग्रवाल फार्म, मानसरोवर में आयोजित इस सेवा अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर मानव सेवा का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रो. आई.पी. जैन एवं श्रीमती मृदुला जैन द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। शिविर में कुल 137 यूनिट रक्तदान हुआ, जबकि 750 से अधिक लोगों ने निःशुल्क स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा परामर्श सेवाओं का लाभ उठाया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जयपुर सांसद श्रीमती मंजू शर्मा एवं भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश मंत्री श्रीमती एकता अग्रवाल उपस्थित रहीं। दोनों अतिथियों ने शिविर का निरीक्षण कर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में अहम भूमिका निभा सकता है। उन्होंने मीना जैन मेमोरियल ट्रस्ट द्वारा लगातार किए जा रहे सामाजिक सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मधुमेह, थायरॉयड, ईएनटी, नेत्र, दंत, फिजिशियन, फिजियोथेरेपी, रक्तचाप, शुगर और कैल्शियम सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई गईं। लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित जांच कराने का संदेश भी दिया गया। ट्रस्ट के सलाहकार सौभागमल जैन एवं जिनेश कुमार जैन ने बताया कि रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वहीं समिति एवं ट्रस्ट की ओर से अतिथियों और सहयोगियों का अभिनंदन किया गया। मीना जैन मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष ज्ञानचंद जैन के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम को सफल बनाने में ट्रस्ट पदाधिकारियों, स्वयंसेवकों और समाज के लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर शाबाश इंडिया के प्रधान संपादक राकेश गोदीका, राजस्थान जैन युवा महासभा के अध्यक्ष प्रदीप जैन, महामंत्री विनोद जैन, जिनेश कुमार जैन, सुमत प्रकाश जैन, अशोक जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक, चिकित्सक और समाजबंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सेवा, समर्पण और मानवता के संदेश के साथ हुआ। आयोजन ने समाज में रक्तदान और स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने का प्रेरणादायी कार्य किया।
