Contact for Advertisement 9650503773


बिहार: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार राष्ट्र निर्माण की अमूल्य धरोहर

- Photo by : social media

बिहार  Published by: Dinesh Kumar Gupta , बिहार  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 06/07/2026 05:47:48 pm Share:
  • बिहार
  • Published by.: Dinesh Kumar Gupta ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 06/07/2026 05:47:48 pm
Share:

संक्षेप

बिहार: नवादा भारतीय जनता पार्टी, नवादा जिला कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पक्ष के अवसर पर आयोजित जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में वक्ताओं ने उनके विचारों को राष्ट्र निर्माण की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

विस्तार

बिहार: नवादा भारतीय जनता पार्टी, नवादा जिला कार्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पक्ष के अवसर पर आयोजित जिला कार्यकर्ता सम्मेलन में वक्ताओं ने उनके विचारों को राष्ट्र निर्माण की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश मंत्री संजय कुमार मुन्ना, हिसुआ विधायक अनिल सिंह, जिला प्रभारी राजेश कुमार सिंह तथा पूर्व विधायक कन्हैया रजवार मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष अभिजीत कुमार सिन्हा ने किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रभक्ति, त्याग, समर्पण और अदम्य साहस का प्रतीक रहा। उन्होंने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके विचार आज भी भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है तथा डॉ. मुखर्जी के आत्मनिर्भर और विकसित भारत के सपने को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

मंत्री ने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त बनाया जाए तथा केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा का सशक्त अभियान है, जिसमें प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। प्रदेश मंत्री संजय कुमार मुन्ना ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचार भारतीय जनता पार्टी की वैचारिक शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने में सक्रिय भूमिका निभाए। बूथ की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है।

हिसुआ विधायक अनिल सिंह ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उन्होंने स्वतंत्र भारत के प्रथम उद्योग एवं आपूर्ति मंत्री के रूप में देश के औद्योगिक विकास की मजबूत नींव रखी, लेकिन राष्ट्रहित के मुद्दों पर समझौता न करते हुए मंत्रिमंडल से इस्तीफा देकर यह सिद्ध किया कि उनके लिए राष्ट्र सर्वोपरि था। उनके आदर्श आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। जिलाध्यक्ष अनिल मेहता ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन त्याग, राष्ट्रसेवा और समर्पण की अनुपम मिसाल है। भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता उनके आदर्शों पर चलते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि मानकर समाज की सेवा कर रहा है। उन्होंने संगठन विस्तार एवं आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया।

जिला प्रभारी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा अपने महापुरुषों के विचारों को लेकर आगे बढ़ने वाला संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क अभियान को और तेज करने तथा सरकार की उपलब्धियों एवं संगठन की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का आग्रह किया। पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने भारतीय जनसंघ की स्थापना कर राष्ट्रवादी राजनीति को नई दिशा दी। उनका जीवन राष्ट्र की एकता, अखंडता और सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के प्रति समर्पित रहा तथा उनके विचार आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं। कार्यक्रम के दौरान जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। मंत्री संजय सिंह टाइगर ने कनिष्का सिन्हा, सत्यम कुमार, रवि प्रकाश, रुपाली, कुमारी कृति एवं खुशी कुमारी को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा, राजेंद्र सिंह, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं कार्यक्रम प्रभारी प्रताप रंजन, विजय पांडेय, नरेश वर्मा, जितेंद्र बब्लू, जिला महामंत्री शैलेन्द्र शर्मा, अरविंद गुप्ता, नंद किशोर चौरसिया, जिला उपाध्यक्ष विनोद कुमार भोली, तेजस सिन्हा, मुकेश कुमार, नीतू गुप्ता, जिला परिषद सदस्य बसंती चौधरी, जिला मंत्री शिव यादव, अन्नपूर्णा कुमारी, जिला प्रवक्ता राधेश्याम चौधरी, मीडिया प्रभारी गुलशन कुमार, मनीष सिन्हा, युवा मोर्चा अध्यक्ष अजित शंकर, अनुसूचित जाति मोर्चा अध्यक्ष जितेंद्र कुमार पासवान, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अफसाना खातून, सोशल मीडिया संयोजक नील नितिन, युवा मोर्चा महामंत्री रोहित सिंह, मंडल प्रभारी एवं मंडल अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।