Contact for Advertisement 9650503773


बिहार: अवैध बालू खनन पर बड़ी कार्रवाई, 82 पर FIR हुई दर्ज, लाइनर हुआ गिरफ्तार

- Photo by : social media

बिहार  Published by: Avay Kumar Ranjan , बिहार  Edited By: Kunal, Date: 20/05/2026 06:32:02 pm Share:
  • बिहार
  • Published by.: Avay Kumar Ranjan ,
  • Edited By.: Kunal,
  • Date:
  • 20/05/2026 06:32:02 pm
Share:

संक्षेप

बिहार: वारिसलीगंज में अवैध बालू खनन के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की गयी है।

विस्तार

बिहार: वारिसलीगंज में अवैध बालू खनन के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई की गयी है। खनन विभाग व पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध बालू खनन में लिप्त बालू लदे दो टेलरों को जब्त कर लिया। जबकि ट्रैक्टर खोलकर अवैध खननकर्ता भाग निकले।वहीं छापेमार दल की सूचनाओं का आदान-प्रदान करते एक लाइनर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। लाइनर की पहचान 25 वर्षीय कुंदन कुमार के रूप में की गयी है। वह दरियापुर गांव के रामचंद्र ठाकुर का बेटा बताया जाता है। घटना 18 मई को वारिसलीगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर व सौर दरियापुर गांव के समीप सकरी नदी की है।

अवैध खनन की सूचना पर संयुक्त टीम का गठन कर खान निरीक्षक संतोष प्रकाश झा के नेतृत्व में छापेमारी की गयी।बताया जाता है कि बाइक पर सवार लाइनर अवैध खननकर्ताओं को खनन टीम की छापेमारी से संबंधित सूचनाएं दे रहा था।उसकी बाइक जब्त कर ली गयी। जबकि उसके पास से एक मोबाइल बरामद की गयी है। जिसमें अवैध खनन में जुटे 78 लोगों का एक वाट्सग्रुप पाया गया है। जिसमें माइनिंग व पुलिस की छापेमारी से संबंधित सूचनाएं भेजी जा रही थी। इसके आधार पर दो ग्रुप एडमिन समेत कुल 82 अवैध खननकर्ताओं के विरुद्ध वारिसलीगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। इनमें दोनों टेलरों के मालिक व चालक भी शामिल हैं। मामले में दर्ज कांड संख्या-350/26 में अवैध खनन, परिवहन व भंडारण से संबंधित बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाये गये हैं।

तीन वाहन जब्त,दो लाख जुर्माना: खनन टीम को दौलतपुर व सौर दरियापुर गांव के समीप सकरी नदी में अवैध खनन की सूचना मिली। सूचना पर टीम का गठन कर छापेमारी की गयी।छापेमारी के क्रम में दो ट्रैक्टरों को बालू लोड करते हुए नदी में पाया गया। परंतु खनन टीम को देखते ही अवैध खननकर्ता ट्रैक्टर का टेलर नदी में छोड़कर इंजन खोलकर भाग निकले। खनन टीम ने दोनों टेलरों को जब्त कर लिया। इन पर रजिस्ट्रेशन नंबर बीआर 27 जीबी 0673 व बीआर 27 जीए 9296 अंकित पाया गया। दोनों पर क्रमशः 100 सीएफटी व 20 सीएफटी बालू लदा हुआ पाया गया। इन पर क्रमशः 01 लाख 02 हजार 123 रुपए व 01 लाख 142 रुपये जुर्माना लगाया गया। वही लाइनर की बाइक नंबर बीआर बी आर 27 आर 3621 जब्त कर ली गई।

मस्त वाट्सअप ग्रुप का किया गया था गठन

खान निरीक्षक द्वारा दर्ज करायी गयी प्राथमिकी के मुताबिक अवैध खननकर्ताओं द्वारा मस्त नाम से एक वाट्सएप ग्रुप का गठन किया गया था। इसमें दो ग्रुप एडमिन हैं। एक का नाम जीजी 230 एवं दूसरे का नाम कुमार बूस अंकित पाया गया है। इस ग्रुप में 78 लोग जुड़े हैं। इन सभी के नाम व मोबाइल नंबर को देते हुए इन सभी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। लाइनर के पास से जब्त मोबाइल के वाट्सएप ग्रुप में बड़ी संख्या मैसेज व ऑडियो मैसेज साक्ष्य के रूप में पाये गये हैं। जिनमें प्रशासनिक गतिविधियों से जुडी जानकारियां शामिल हैं। मोबाइल नंबर व नाम से पुलिस आरोपितों का पता निकालकर उन्हें गिरफ्तार करेगी।