-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: घर में घुसकर महिला और बेटियों से मारपीट व अभद्रता का आरोप, एसएसपी के आदेश पर छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: खानपुर कस्बे के मोहल्ला प्यारेलाल में महिला और उसकी बेटियों के साथ मारपीट तथा अभद्रता के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर खानपुर थाना पुलिस ने छह लोगों
विस्तार
उत्तर प्रदेश: खानपुर कस्बे के मोहल्ला प्यारेलाल में महिला और उसकी बेटियों के साथ मारपीट तथा अभद्रता के मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर खानपुर थाना पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मोहल्ला प्यारेलाल निवासी गायत्री पत्नी रामकुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 2 अक्तूबर को उसका बेटा सोनू अपनी मौसी के घर से लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में प्रदीप पुत्र लखमीचंद शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। सोनू द्वारा विरोध करने पर प्रदीप ने अपने पड़ोसी अरविंद पुत्र गंगाराम को बुला लिया। आरोप है कि दोनों ने सोनू के साथ मारपीट कर दी। जिससे उसे चोटें आईं। पीड़िता के अनुसार 3 अक्तूबर की शाम करीब सात बजे प्रदीप, उसका भाई मोनू, अरविंद, गंगाराम, रीता पत्नी प्रदीप और मुन्नी पत्नी लखमीचंद हाथों में लोहे की रॉड व धारदार हथियार लेकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि सभी ने उसके साथ मारपीट की। बचाव में आई उसकी बेटी कमलेश के साथ भी अभद्रता कर उसके कपड़े फाड़ने का आरोप लगाया गया है। दूसरी बेटी मोनी के साथ भी अभद्रता करने का आरोप है। पीड़िता के मुताबिक मारपीट में उसे और उसकी बेटी कमलेश को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने दोनों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया था। पीड़िता ने बताया कि एक्सरे में उसके हाथ और पसली में फ्रैक्चर आया है। मामले में पीड़िता ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर थाना खानपुर पुलिस ने प्रदीप, मोनू, अरविंद, गंगाराम, रीता और मुन्नी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
