-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: संपत्ति और तीसरी शादी के विवाद में कलयुगी बेटों ने ली 70 वर्षीय पिता की जान, एक गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: फर्रुखाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: फर्रुखाबाद जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक घटना सामने आई है। जिले के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र अंतर्गत अर्रापहाड़पुर गांव में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग रामसनेही की उनके ही सगे बेटों द्वारा पीट-पीटकर और गला दबाकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और एक आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है। तीसरी शादी को लेकर चल रही थी कलह मृतक के चचेरे भाई रामनाथ ने बताया कि रामसनेही की पत्नी का लगभग एक दशक पहले देहांत हो चुका था और वह अपने दो बेरोजगार बेटों, ओमकार और अनिल के साथ घर पर ही रहते थे। पारिवारिक कलह की मुख्य वजह छोटे बेटे अनिल की तीसरी शादी बताई जा रही है। अनिल, जिसकी पहली पत्नी की मृत्यु हो चुकी थी और दूसरी उसे छोड़कर जा चुकी थी, अब एक ऐसी महिला को ब्याह कर घर लाना चाहता था जिसके पहले से ही बच्चे हैं। बुजुर्ग पिता रामसनेही इस रिश्ते के सख्त खिलाफ थे, जिसे लेकर घर में अक्सर तीखी नोकझोंक होती रहती थी। जमीन नाम करने से भी थी रंजिश ग्रामीणों के बीच इस बात की भी गहरी चर्चा है कि हत्या के पीछे केवल शादी नहीं, बल्कि जमीन का विवाद भी एक बड़ा कारण है। बताया जा रहा है कि करीब तीन साल पहले रामसनेही ने अपनी कुछ जमीन अपने चचेरे भाई रामनाथ के बेटों (देवेंद्र और सिल्लू) के नाम कर दी थी। अपने हक की जमीन दूसरों को दिए जाने से दोनों बेटे पिता से खासे नाराज चल रहे थे। बंद कमरे में दिया वारदात को अंजाम परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार, सोमवार रात इसी पुरानी रंजिश और शादी के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रात में जब घर से चीख-पुकार मची, तो शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था और कोई जवाब नहीं मिल रहा था। अनहोनी की आशंका के चलते लोग छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए। अंदर का नजारा खौफनाक था। बुजुर्ग रामसनेही मृत अवस्था में पड़े थे और उनके सिर से खून बहने के निशान मौजूद थे, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि हत्या से पहले उनके साथ बुरी तरह मारपीट की गई थी। फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ सिटी अभय वर्मा तुरंत भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। सीओ सिटी अभय वर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम (पीआरबी) के माध्यम से बेटों द्वारा पिता की हत्या की सूचना मिली थी। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक आरोपी बेटे, ओमकार को मौके से ही हिरासत में ले लिया है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की ओर से लिखित तहरीर मिलने के बाद सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि चंद गज जमीन और जिद के खातिर बेटों ने अपने ही जन्मदाता को मौत के घाट उतार दिया।
राजस्थान: “विश्व श्रमिक दिवस” समारोह का पोस्टर विमोचन, 1 मई को श्रमिकों का होगा सम्मान
उत्तर प्रदेश: मकान विवाद में दबंगई के आरोप, महिला ने लगाई सुरक्षा और न्याय की गुहार
मध्य प्रदेश: अस्पताल में प्रसव के दौरान दो नवजात बच्चियों की मौत, लापरवाही के आरोप पर जमकर हंगामा
उत्तर प्रदेश: पान मसाला-तंबाकू की प्लास्टिक पैकेजिंग पर प्रस्तावित प्रतिबंध लगे
उत्तर प्रदेश: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का मीरजापुर दौरा, मां विंध्यवासिनी के किए दर्शन
उत्तर प्रदेश: RPF-जीआरपी ने 24 घंटे में 5 लाख का बैग बरामद कर यात्री को लौटाया गया
