Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग हुई तेज, मंत्री को सौंपा ज्ञापन

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Ashok Kumar Swarnkar , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 01/08/2026 03:10:26 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Ashok Kumar Swarnkar ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 01/08/2026 03:10:26 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग एक बार फिर तेज हो

विस्तार

उत्तर प्रदेश: पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। बुंदेलखंड विकास सेना (बु. वि. सेना) के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय प्रमुख हरीश कपूर 'टीटू' के नेतृत्व में प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मन्नू कोरी को ज्ञापन सौंपकर आगामी विधानसभा सत्र में पृथक बुंदेलखंड प्रांत के गठन का प्रस्ताव लाने की मांग की। शनिवार को बुंदेलखंड विकास सेना के दर्जनों कार्यकर्ता शाही रोड पर एकत्र हुए और वहां से पैदल मार्च करते हुए स्टेशन रोड के रास्ते राज्यमंत्री मन्नू कोरी के आवास पहुंचे। यहां उन्होंने पृथक बुंदेलखंड राज्य के गठन की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए अलग राज्य को आवश्यक बताया।

ज्ञापन में कहा गया कि बुंदेलखंड की जनता लंबे समय से पृथक राज्य की मांग करती आ रही है और बुंदेलखंड विकास सेना पिछले 25 वर्षों से गांधीवादी एवं लोकतांत्रिक तरीके से इस मुद्दे को उठाती रही है। संगठन का कहना है कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद यह क्षेत्र आज भी पिछड़ेपन, बेरोजगारी, उद्योगों की कमी, शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं से जूझ रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सूखा, बाढ़, पलायन, भ्रष्टाचार, सूदखोरी और सामाजिक विषमताओं ने क्षेत्र के विकास को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। संगठन ने महारानी लक्ष्मीबाई, गोस्वामी तुलसीदास, राष्ट्रकवि मैथिलीशरण गुप्त, मेजर ध्यानचंद और वृंदावनलाल वर्मा जैसी महान विभूतियों की कर्मभूमि होने के बावजूद क्षेत्र की उपेक्षा का मुद्दा भी उठाया।

ज्ञापन स्वीकार करते हुए श्रम एवं सेवायोजन राज्यमंत्री मन्नू कोरी ने पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आश्वासन दिया कि वह इस विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे और आगामी विधानसभा सत्र में इस संबंध में प्रस्ताव लाने के लिए प्रयास करेंगे। बुंदेलखंड विकास सेना के केंद्रीय प्रमुख हरीश कपूर 'टीटू' ने कहा कि संगठन का आंदोलन तब तक जारी रहेगा, जब तक पृथक बुंदेलखंड राज्य का गठन नहीं हो जाता। उन्होंने बताया कि आगामी चरण में संगठन सांसद कार्यालय का घेराव करेगा और सांसद को भी ज्ञापन सौंपकर इस मांग का समर्थन करने की अपील करेगा। इस दौरान संगठन के केंद्रीय महामंत्री महेंद्र अग्निहोत्री, जिला कमांडेंट सुधेश नायक सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बुंदेलखंड विकास सेना ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र के संतुलित और समग्र विकास के लिए पृथक राज्य का गठन ही सबसे प्रभावी समाधान है।


Featured News