Contact for Advertisement 9650503773


 उत्तर प्रदेश: कौशांबी में महिला कांस्टेबल की गोली लगने से हुई मौत, राइफल से अचानक चली गोली

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Ramkesh Vishwakarma , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shikha Pandey, Date: 09/09/2026 12:21:26 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Ramkesh Vishwakarma ,
  • Edited By.: Shikha Pandey,
  • Date:
  • 09/09/2026 12:21:26 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: कौशांबी जिले में महिला थाने में तैनात 26 वर्षीय महिला कांस्टेबल प्रियंका की गोली लगने से मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे महिला थाने में हुई।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: कौशांबी जिले में महिला थाने में तैनात 26 वर्षीय महिला कांस्टेबल प्रियंका की गोली लगने से मौत हो गई। घटना मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे महिला थाने में हुई। शुरुआती जांच में पुलिस ने राइफल से अचानक गोली चलने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, प्रियंका थाने के ऑफिस के बाहर गेट पर कुर्सी पर बैठी थी। किसी काम से वह वहां से उठकर गई और करीब दो मिनट बाद वापस लौटी। कुर्सी पर बैठते समय अचानक राइफल से गोली चल गई। आवाज सुनकर साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। राइफल को जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और घटनास्थल को सील कर दिया गया है। पुलिस CCTV फुटेज की जांच करने के साथ ही थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों से भी जानकारी ले रही है। मामले की जांच सीओ सदर सौरभ सामंत के नेतृत्व में गठित टीम कर रही है।

ASP अमिता सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में घटना दुर्घटनावश गोली चलने की सामने आई है। फिलहाल मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रियंका मूल रूप से गाजीपुर जिले के दूल्हापुर क्षेत्र के सिखरी गांव की रहने वाली थी। उसके पिता रवींद्र यादव सेना से करीब डेढ़ साल पहले सेवानिवृत्त हुए हैं और वर्तमान में बिल्डिंग मटीरियल की दुकान चलाते हैं। प्रियंका ने मथुरा से बीएससी की पढ़ाई की थी। करीब तीन महीने पहले उसकी पुलिस ट्रेनिंग पूरी हुई थी और जून के अंतिम सप्ताह में उसकी पहली पोस्टिंग कौशांबी के महिला थाने में हुई थी। परिवार में मां प्रमिला देवी के अलावा प्रियंका के एक छोटी बहन और एक भाई हैं। बहन नोएडा से बीकॉम और भाई सूरज शहर के कॉलेज से बीए की पढ़ाई कर रहा है। बेटी की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में शोक का माहौल है और परिजन कौशांबी के लिए रवाना हो गए।