-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: दुर्गा पंडाल में सोने की चेन चोरी, 48 घंटे में दो महिलाएं गिरफ्तार; चेन हुई बरामद
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय बस्ती पुलिस ने दुर्गा पूजा पंडाल में महिला की सोने की चेन चोरी होने के मामले का खुलासा किया है। कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने घटना के करीब 4
विस्तार
उत्तर प्रदेश: त्योहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय बस्ती पुलिस ने दुर्गा पूजा पंडाल में महिला की सोने की चेन चोरी होने के मामले का खुलासा किया है। कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने घटना के करीब 48 घंटे के भीतर दो महिलाओं को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन बरामद की है। पुलिस के अनुसार, दोनों महिलाएं संतकबीरनगर जिले की रहने वाली हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराएं बढ़ाकर दोनों को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, घटना 25 अक्टूबर की शाम कंपनी बाग स्थित दुर्गा पूजा पंडाल में हुई थी। करनपुर निवासी एक महिला मां दुर्गा के दर्शन करने पहुंची थी। पंडाल में भीड़ के बीच दर्शन करने के बाद जब वह बाहर निकली तो उसके गले से सोने की चेन गायब थी। घर पहुंचकर उसने परिजनों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली थाने में मुकदमा अपराध संख्या 479/2026 दर्ज किया गया। सादे कपड़ों में तैनात की गईं महिला पुलिसकर्मी मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजानंद सिंह ने एसओजी टीम के साथ मिलकर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने त्योहारों और मेलों में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी करने वालों पर नजर रखने के लिए विशेष रणनीति बनाई। इसके तहत महिला पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में कंपनी बाग सहित शहर के प्रमुख पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में तैनात किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई। पुलिस का प्रयास था कि चोरी की घटना का जल्द खुलासा कर पीड़िता की चेन बरामद की जाए और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर ऐसी वारदातों को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। जिला अस्पताल के पास घेराबंदी कर पकड़ी गईं दोनों महिलाएं पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल संदिग्ध महिलाएं जिला अस्पताल के पास मौजूद हैं। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से चोरी की गई सोने की चेन बरामद हुई। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान गुड्डी उर्फ शांति देवी (45) पत्नी पारस उर्फ पप्पू और दुर्गावती (35) पत्नी जितेंद्र, निवासी भुवरिया, कोतवाली खलीलाबाद, जनपद संतकबीरनगर के रूप में हुई है। एक आरोपी के खिलाफ पहले से आठ मुकदमे दर्ज पुलिस की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार महिलाओं में गुड्डी उर्फ शांति देवी के खिलाफ संतकबीरनगर, गोरखपुर और बस्ती के विभिन्न थानों में चोरी के आठ मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस इस पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। बरामदगी के आधार पर दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2), 317(4) और 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया। त्योहारों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजानंद सिंह के मुताबिक, त्योहारों के दौरान बाजारों, मेलों और पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके और किसी भी आपराधिक घटना पर समय रहते कार्रवाई हो। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक बृजानंद सिंह, एसओजी प्रभारी व उनकी टीम, उपनिरीक्षक रतीश चंचल, कांस्टेबल चंदन, कांस्टेबल महेंद्र, महिला कांस्टेबल कामिनी दूबे और महिला कांस्टेबल काजल यादव शामिल रहीं।
