-
☰
उत्तर प्रदेश: प्रतापगढ़ में सनसनीखेज हत्याकांड लापता पूर्व प्रधान का शव नहर में मिला, अवैध संबंध बना है
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: जिले में सनसनीखज वारदात सामने आई है, जहां पूर्व प्रधान गुलहसन उर्फ मुन्ना (50) की हत्या अवैध संबंधों के चलते कर दी गई। पांच दिन से लापता पूर्व प्रधान का शव रविवार सुबह शारदा सहायक नहर में बोरे में बंद मिला।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: जिले में सनसनीखज वारदात सामने आई है, जहां पूर्व प्रधान गुलहसन उर्फ मुन्ना (50) की हत्या अवैध संबंधों के चलते कर दी गई। पांच दिन से लापता पूर्व प्रधान का शव रविवार सुबह शारदा सहायक नहर में बोरे में बंद मिला। पुलिस ने मामले में एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। बताया जा रहा है कि मिश्रपुर मुस्तरका मानधाता निवासी गुलहसन 18 मार्च को बाइक से घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। दो दिन तक कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने मानधाता थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। तीसरे दिन उनकी बाइक मऊआइमा क्षेत्र के महरोड़ा के पास संदिग्ध हालत में मिली, जिस पर हेलमेट और चाबी भी रखी थी। इसी बीच रविवार सुबह सुमेरपुर के पास शारदा सहायक नहर में एक बोरे में बंद शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान गुलहसन के रूप में की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उनकी हत्या किसी भारी वस्तु, संभवतः रॉड से पीटकर की गई है। जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगाला, जिसमें एक महिला का नंबर सामने आया, जिससे मृतक की अंतिम समय में कई बार बातचीत हुई थी। पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की तो उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। महिला ने बताया कि पूर्व प्रधान के साथ उसके अवैध संबंध थे और वह उसे लगातार परेशान कर रहा था। इसी से तंग आकर उसने अपने भाई और एक अन्य साथी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी और शव को नहर में फेंक दिया। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है। मृतक की दो पत्नियों से कुल 18 बच्चे हैं, जिससे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। एएसपी पूर्वी शैलेंद्र लाल ने बताया कि गुमशुदगी के मामले को हत्या में परिवर्तित किया जा रहा है। मुख्य आरोपित महिला को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।