Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: रोजा इफ्तारी विवाद के बाद किन्नर समुदाय का थाने पर हंगामा, पुलिस कार्रवाई से मामला शांत

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Pawan Tiwari , Date: 19/03/2026 12:05:04 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by: Pawan Tiwari ,
  • Date:
  • 19/03/2026 12:05:04 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: रोजा इफ्तारी विवाद बना वजह, पुलिस कार्रवाई के बाद मामला हुआ शांत कुशीनगर।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: कुशीनगर कसया थाना क्षेत्र में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब किन्नर समुदाय के लोगों ने थाने पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। वे अपने एक परिजन के साथ हुई मारपीट की घटना से नाराज़ थे और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मामले की शुरुआत मंगलवार रात हुई, जब नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर एक रानी लक्ष्मीबाई पुरम (एकडेरवा के शुखपुरवा) निवासी सलमान का गांव के ही हवलदार से रोजा इफ्तारी को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद इतना बढ़ गया कि हवलदार और उसके परिजनों, जिनमें मुमताज और अन्य लोग शामिल थे, ने सलमान के साथ मारपीट कर दी। इस घटना में सलमान गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित द्वारा चिकित्सीय परीक्षण कराने के बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन तत्काल कार्रवाई न होने से परिजन असंतुष्ट रहे। इसी बीच, सलमान के परिवार से जुड़े आबिद उर्फ मुस्कान, जो देवरिया में किन्नर समुदाय से जुड़े हैं। अपने साथियों के साथ कसया थाने पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

 


थाने पर किन्नरों के बढ़ते आक्रोश को देखते हुए पुलिस हरकत में आई और तत्काल गांव पहुंचकर आरोपित मुमताज और नगमा को हिरासत में ले लिया। जब उन्हें थाने लाया गया, तो किन्नरों ने आरोपितों को घेर लिया। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए पुलिसकर्मियों ने किसी तरह आरोपितों को सुरक्षित करते हुए थाने के अंदर पहुंचाया और गेट बंद कर दिया। थानाध्यक्ष आशुतोष सिंह ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में चालान किया। लगभग दो घंटे तक चले हंगामे के बाद स्थिति सामान्य हुई और किन्नर समुदाय के लोग शांत होकर वापस लौट गए। थानाध्यक्ष के अनुसार, यह मामला दो पट्टीदारों के बीच आपसी विवाद का था, जिसमें एक पक्ष से जुड़े किन्नर अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंचे थे। पुलिस की कार्रवाई के बाद सभी लोग संतुष्ट होकर चले गए।