-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: खलीलाबाद में MSME ऋण आउटरीच कैंप, करीब 100 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: संत कबीर नगर 07 अगस्त 2026(सूचना विभाग)। देशव्यापी एमएसएमई ऋण आउटरीच अभियान के अंतर्गत सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, गोरखपुर क्षेत्र द्वारा खलीलाबाद में एक भव्य एमएसएमई ऋण आउटरीच कैम्प का आयोजन किया गया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: संत कबीर नगर 07 अगस्त 2026(सूचना विभाग)। देशव्यापी एमएसएमई ऋण आउटरीच अभियान के अंतर्गत सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, गोरखपुर क्षेत्र द्वारा खलीलाबाद में एक भव्य एमएसएमई ऋण आउटरीच कैम्प का आयोजन किया गया। इस विशेष आयोजन में संतकबीरनगर सहित क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से बड़ी संख्या में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों, व्यापारियों तथा बैंक के ग्राहकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कैम्प में ग्राहकों की सुविधा हेतु विभिन्न सेवा काउंटर स्थापित किए गए, जहाँ "आपकी पूंजी–आपका अधिकार", Re-KYC एवं CKYC, यूआरसी (URC), ऑनलाइन खाता खोलने की सुविधा, सामाजिक सुरक्षा योजनाएँ, तथा बैंक की विभिन्न ऋण एवं जमा योजनाओं से संबंधित जानकारी एवं सेवाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।
कार्यक्रम के दौरान बैंक द्वारा पात्र ग्राहकों को लगभग ₹100 करोड़ के ऋणों की स्वीकृति एवं अग्रिम स्वीकृति प्रदान की गई। यह आयोजन बैंक की ग्राहक-केंद्रित कार्यशैली, वित्तीय समावेशन तथा स्थानीय उद्यमों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। इस अवसर पर जिला उद्योग केंद्र (डीआईसी), संतकबीरनगर के सहायक आयुक्त जितेंद्र गौतम, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख श्री विभोर अग्रवाल, मुख्य प्रबंधक श्री गौरव कुमार राय सहित बैंक के अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्षेत्रीय प्रमुख श्री विभोर अग्रवाल ने कहा कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुरूप त्वरित, पारदर्शी एवं सहज वित्तीय सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बैंक सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमियों, युवाओं, महिला उद्यमियों तथा स्वरोजगार से जुड़े व्यक्तियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अनेक आकर्षक ऋण योजनाएँ संचालित कर रहा है, जिससे रोजगार सृजन एवं स्थानीय आर्थिक विकास को नई गति मिल रही है।
डीआईसी, संतकबीरनगर के सहायक आयुक्त जितेंद्र गौतम ने उपस्थित उद्यमियों एवं ग्राहकों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न औद्योगिक एवं स्वरोजगार योजनाओं, उपलब्ध अनुदानों तथा उनके लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने अधिक से अधिक उद्यमियों से इन योजनाओं का लाभ उठाकर अपने व्यवसाय का विस्तार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ प्रबंधक श्री अमन ने बैंक की विभिन्न आकर्षक ऋण योजनाओं, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी तथा ग्राहकों के प्रश्नों का समाधान भी किया। अंत में मुख्य प्रबंधक गौरव कुमार राय ने सभी अतिथियों, ग्राहकों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। यह एमएसएमई ऋण आउटरीच कैम्प बैंक और ग्राहकों के बीच विश्वास एवं सहयोग को और अधिक सुदृढ़ करने के साथ-साथ क्षेत्र में उद्यमिता, रोजगार सृजन तथा आर्थिक विकास को नई दिशा देने की दृष्टि से अत्यंत सफल एवं प्रभावी सिद्ध हुआ।
