Contact for Advertisement 9650503773


बिहार: ज्ञानदीप इंटरनेशनल स्कूल की नई शाखा का भव्य उद्घाटन, शिक्षा को बताया उज्ज्वल भविष्य का आधार

- Photo by : social media

बिहार  Published by: Avay Kumar Ranjan , Date: 07/02/2026 10:19:31 am Share:
  • बिहार
  • Published by: Avay Kumar Ranjan ,
  • Date:
  • 07/02/2026 10:19:31 am
Share:

संक्षेप

बिहार: वारिसलीगंज नगर परिषद क्षेत्र के शहीद चंदन सिंह चौक स्थित ज्ञानदीप इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की नई शाखा, बासोचक - मकनपुर मार्ग पर नवनिर्मित भवन में गृह प्रवेश सह स्थापना दिवस समारोह भव्य, ग

विस्तार

बिहार: वारिसलीगंज नगर परिषद क्षेत्र के शहीद चंदन सिंह चौक स्थित ज्ञानदीप इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल की नई शाखा, बासोचक - मकनपुर मार्ग पर नवनिर्मित भवन में गृह प्रवेश सह स्थापना दिवस समारोह भव्य, गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में धूमधाम से संपन्न हुआ। समारोह के दौरान विद्यालय परिसर शिक्षा, संस्कार एवं सांस्कृतिक विविधता के रंगों से सराबोर नजर आया।कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं स्वागत गीत से हुई।इसके पश्चात बच्चों ने नृत्य, संगीत,एकल नृत्य, एकल गायन, समूह गायन एवं लघु नाटक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का मनमोहक प्रदर्शन किया।विशेष आकर्षण के रूप में गणेश वंदना, राधा तेरी चुनरी, प्रेम रत्न धन पायो तथा छला ग्रुप डांस की प्रस्तुतियों ने सभागार में उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की भाव-भंगिमा, आकर्षक वेशभूषा और मंचीय आत्मविश्वास ने यह सिद्ध कर दिया कि विद्यालय शिक्षा के साथ-साथ कला एवं संस्कृति को भी समान महत्व देता है।

समारोह के मुख्य अतिथि  थानाध्यक्ष पंकज कुमार सैनी तथा सेवा निवृत्त प्राचार्य गोविंद जी तिवारी एवं निदेशक मधु राज आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।श्री सैनी ने अपने संबोधन में बच्चों की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास होता है।उन्होंने कहा कि शिक्षा उज्जवल भविष्य के लिए आवश्यक साधन होता है
उन्होंने बच्चों को मेहनत,अनुशासन और ईमानदारी को जीवन का मूल मंत्र बनाकर लक्ष्य की ओर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।निदेशक मधु राज ने कहा शिक्षा एक व्यवस्थित प्रक्रिया है,जिसके द्वारा ज्ञान,कौशल और सही दृष्टिकोण प्राप्त किया जा सकता है।विद्यालय के निदेशक मधुराज एवं प्राचार्य दिनेश प्रसाद ने अतिथियों का पारंपरिक अंगवस्त्र एवं बुके भेंट कर स्वागत किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि ज्ञानदीप इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल ने कम समय में ही वारिसलीगंज क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है। पिछले वर्ष विद्यालय के शत-प्रतिशत छात्रों का सैनिक स्कूल एवं गुरुकुल में चयन होना इसकी बड़ी उपलब्धि है।

निदेशक ने कार्यक्रम की सफलता के लिए विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकगण एवं अभिभावकों के योगदान की सराहना की तथा अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की रुचि और जिज्ञासा को पहचान कर उन्हें उचित सहयोग प्रदान करें। इस अवसर पर पुराने शाखा भवन के स्वामी कार्यनंद शर्मा को सम्मानित कर उनका आभार व्यक्त किया गया।कार्यक्रम के दौरान सभी कक्षाओं के छात्र-छात्राओं को उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति एवं शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, जिससे बच्चों का उत्साह और आत्मविश्वास दोगुना हो गया।इस अवसर पर दर्जनों पत्रकारों को भी अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के स्थापना दिवस पर वारिसलीगंज प्रखंड विकास पदाधिकारी अमित कुमार एवं कुटरी ग्रामीण सह प्रखंड विकास पदाधिकारी ने भी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनायें दी है।वहीं क्षेत्रीय लोक गायक पिंटू चौधरी एवं उनके सहयोगी गोपाल कुमार, विनोद कुमार और अनीश कुमार की देशभक्ति एवं लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।इसके पूर्व नवनिर्मित भवन का गृह प्रवेश वैदिक विधि-विधान से श्री शिरोमणि जंगलिया बाबा के कर कमलों द्वारा संपन्न कराया गया।
मौके पर ज्ञानोदय विद्यालय के निदेशक प्रिंस राज, उद्घोषक संजीव कुमार, अरुण कुमार सहित विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।