Contact for Advertisement 9650503773


हरियाणा: नशे की गिरफ्त से युवाओं को निकालने में जुटी हिसार पुलिस, 14 पीड़ितों को दिलाया उपचार

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , हरियाणा  Edited By: Yashoda, Date: 28/08/2026 01:10:48 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by.: Rajput Ranjeet ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 28/08/2026 01:10:48 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: हिसार नशे के खिलाफ हिसार पुलिस का अभियान अब केवल जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है।

विस्तार

हरियाणा: हिसार नशे के खिलाफ हिसार पुलिस का अभियान अब केवल जागरूकता कार्यक्रमों तक सीमित नहीं है। पुलिस नशे की लत से जूझ रहे लोगों को उपचार से जोड़ने और उनके परिवारों को सहयोग देने के लिए भी सक्रिय रूप से काम कर रही है। पुलिस अधीक्षक सिद्धान्त जैन के नेतृत्व में नशा मुक्ति टीम ने विभिन्न क्षेत्रों में घर-घर पहुंचकर पीड़ितों से संपर्क किया और उन्हें नशा छोड़ने के लिए प्रेरित किया। इसी क्रम में नशा मुक्ति टीम ने थाना आजाद नगर और थाना अर्बन एस्टेट क्षेत्र के सातरोड खुर्द तथा माल कॉलोनी, कैमरी रोड में अभियान चलाया। टीम ने स्थानीय प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और शहरवासियों से बातचीत कर नशे की समस्या से प्रभावित परिवारों की जानकारी जुटाई। इस दौरान नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान के बारे में लोगों को जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान तीन नशा पीड़ितों की पहचान की गई। इनमें से दो लोगों को नागरिक अस्पताल हिसार में पहली बार एलोपैथिक और आयुर्वेदिक दवा उपलब्ध कराई गई। वहीं, छह नशा पीड़ितों को दूसरी बार अस्पताल के माध्यम से उपचार दिलाया गया। इसके अलावा सातरोड और कैमरी रोड क्षेत्र के छह लोगों को टीम ने उनके घर पहुंचकर पहली बार आयुर्वेदिक दवा उपलब्ध कराई।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 14 नशा पीड़ितों को अस्पताल और घर पर उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई। टीम ने लोगों से अपील की कि नशे की लत से परेशान व्यक्ति को अपराधी समझकर उससे दूरी बनाने के बजाय उसे उपचार और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करें। पुलिस ने नशा तस्करों के संबंध में जानकारी देने की भी अपील की है, ताकि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

एसपी सिद्धान्त जैन ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई केवल तस्करों तक सीमित नहीं है। उद्देश्य नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार, परिवार का सहयोग और सम्मान के साथ सामान्य जीवन में लौटने का अवसर देना है। उन्होंने आमजन से नशा मुक्त हिसार अभियान में सहयोग करने की अपील की।