-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: नागजी सरोवर पर दीपदान के साथ जल गंगा संवर्धन अभियान का भव्य समापन
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: जन अभियान परिषद द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन अवसर पर पोरसा स्थित नागजी सरोवर पर "बावड़ी, नदी, तालाब, कुएँ – जल उत्सव" कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।
विस्तार
मध्य प्रदेश: जन अभियान परिषद द्वारा संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान के समापन अवसर पर पोरसा स्थित नागजी सरोवर पर "बावड़ी, नदी, तालाब, कुएँ – जल उत्सव" कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जल स्रोतों के संरक्षण, स्वच्छता एवं जनजागरूकता के माध्यम से समाज में जल संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन मुरारी लाल उपाध्याय शिक्षा एवं सांस्कृतिक प्रचार-प्रसार समिति, पोरसा द्वारा किया गया। अभियान के अंतर्गत नागजी सरोवर की व्यापक साफ-सफाई कर जलाशय परिसर को स्वच्छ एवं आकर्षक बनाया गया। इसके साथ ही जल स्रोत का विधिवत पूजन कर जल के महत्व को रेखांकित किया गया। उपस्थित नागरिकों ने जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने तथा जल की प्रत्येक बूंद का संरक्षण करने का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक एवं भावनात्मक क्षण तब रहा, जब नागजी सरोवर के तट पर सैकड़ों दीप प्रज्वलित कर दीपदान किया गया। दीपों की मनमोहक छटा से पूरा सरोवर परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर हो गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने जल को जीवन का आधार बताते हुए उसके संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि जल संकट आज वैश्विक चुनौती बन चुका है। यदि वर्तमान समय में जल स्रोतों का संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल के सदुपयोग की दिशा में गंभीर प्रयास नहीं किए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह जल संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाए। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी, श्रीमती पुष्पा देवी, श्रीमती अनुपमा, श्रीमती अंजली, मीनाक्षी पुरोहित, श्री प्रदीप उपाध्याय, श्री संदीप उपाध्याय (नगर मंडल अध्यक्ष), श्याम सुंदर शर्मा, नीरज ओझा, रानू श्रीवास्तव, प्रियंका कुमारी, सुप्रिया तोमर, अनामिका तोमर, सौम्या तोमर एवं प्रांसी गोयल सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री सतीश सिंह तोमर तथा ब्लॉक समन्वयक श्री राधाशरण पुरोहित के निर्देशन में संपन्न हुआ। दोनों अधिकारियों ने जल संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने तथा प्रत्येक व्यक्ति को जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया गया तथा जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं जनभागीदारी को निरंतर बनाए रखने का संकल्प दोहराया गया। नागजी सरोवर पर आयोजित यह जल उत्सव पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जागरूकता एवं जल संवर्धन की दिशा में एक प्रेरणादायक और यादगार पहल सिद्ध हुआ।
