Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: आयुष्मान कार्ड अभियान में तेजी के निर्देश, सेमरियावां बीडीओ ने खराब प्रगति पर जताई नाराजगी

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Kunal Tewatia, Date: 07/08/2026 11:42:19 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Kunal Tewatia,
  • Date:
  • 07/08/2026 11:42:19 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने को लेकर गुरुवार को विकास खंड सेमरियावां सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र लाभार्थियों का शत-प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए जाने को लेकर गुरुवार को विकास खंड सेमरियावां सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खंड विकास अधिकारी कृष्ण कुमार दुबे ने की। उन्होंने अभियान की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों, पंचायत सहायकों, आशा कार्यकर्ताओं एवं एएनएम को गांव-गांव पहुंचकर छूटे हुए पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड शीघ्र बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक को संबोधित करते हुए बीडीओ कृष्ण कुमार दुबे ने कहा कि हाल ही में हुई समीक्षा में सेमरियावां ब्लॉक की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं पाई गई है। उन्होंने सभी पंचायत सहायकों, आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम को निर्देश दिया कि सूची के आधार पर पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उनका सत्यापन करें तथा जिन लोगों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर बनवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा ने कहा कि आयुष्मान कार्ड जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत माध्यम है। उन्होंने सभी फील्ड कर्मचारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने, पात्र लाभार्थियों से संपर्क करने तथा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर समयबद्ध ढंग से आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रयास ऐसा हो कि ब्लॉक का कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

बैठक में अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य हर हाल में पूरा करने पर जोर दिया गया। इस दौरान बीपीएम राजेश पांडेय, एआरओ धीरेन्द्र यादव, आईओ कौशर खान, ऑपरेटर अब्दुल कलाम, ऑपरेटर अंजली सहित ब्लॉक एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सभी उपकेंद्रों की आशा कार्यकर्ता, एएनएम और पंचायत सहायक उपस्थित रहे। सभागार में कम पड़ी जगह, कई कर्मियों ने खड़े होकर सुनी बैठक
बैठक में बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम और पंचायत सहायकों के पहुंचने से ब्लॉक सभागार छोटा पड़ गया। पर्याप्त कुर्सियां उपलब्ध न होने के कारण कई प्रतिभागियों को पूरी बैठक के दौरान खड़े होकर कार्यवाही सुननी पड़ी। प्रतिभागियों के लिए पेयजल एवं जलपान की समुचित व्यवस्था भी नहीं दिखी। उपस्थित कर्मचारियों का कहना था कि फील्ड स्तर पर सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में भविष्य में बैठकों के दौरान प्रतिभागियों की संख्या के अनुरूप बैठने, पेयजल एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।