Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: बरेली के श्री रामायण मंदिर में झूलन महोत्सव की धूम, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Rajnesh shrivastav , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 07/08/2026 04:29:42 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Rajnesh shrivastav ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 07/08/2026 04:29:42 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बरेली में तुलसी जयंती समारोह के अवसर पर बरेली के श्री रामायण मंदिर में आयोजित झूलन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बरेली में तुलसी जयंती समारोह के अवसर पर बरेली के श्री रामायण मंदिर में आयोजित झूलन महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह के तीसरे दिन आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में बरेली और अमृतसर से आए संकीर्तन मंडल के रसिक भक्तों ने मनमोहक भजनों और हरिनाम संकीर्तन से ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि श्रद्धालु देर तक भक्ति रस में सराबोर होकर झूमते रहे। कार्यक्रम का आयोजन श्री अखिल भारतीय राधा माधव संकीर्तन मंडल, बरेली एवं अमृतसर के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की वंदना के साथ हुआ। इसके बाद "हरे कृष्ण, हरे कृष्ण, कृष्ण कृष्ण हरे हरे... हरे राम, हरे राम, राम राम हरे हरे..." महामंत्र के संकीर्तन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

इस अवसर पर बरेली से युधिष्ठिर मलिक एवं सुनील मलिक, जबकि अमृतसर से जतिन मेहरा, राजन बाली, आदित्य भैया तथा संरक्षक परमजीत सोनी अपने साथियों सहित कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी कलाकारों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भजन संध्या के दौरान जतिन मेहरा ने सावन आयो रे, मनभावन आयो रे, कन्हैया मनभावन आयो रे भजन प्रस्तुत कर सावन की भक्ति भावना को जीवंत कर दिया। वहीं राजन बाली ने श्यामा झूलन पधारो, घिर आए बदरा और आदित्य भैया ने श्री राधा रानी झूलन को आई। जैसे मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। अंत में राधा-राधा नाम संकीर्तन के साथ श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर नृत्य करने लगे।

कार्यक्रम के समापन पर भगवान की आरती की गई और सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर जगदीश भाटिया, विनोद भाटिया, अनिल अरोड़ा, मनोज अरोड़ा, पवन अरोड़ा, किशोर अरोड़ा, भूषण अरोड़ा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मंदिर समिति के सचिव नवीन अरोड़ा ने बताया कि तुलसी जयंती समारोह के अंतर्गत धार्मिक आयोजनों की श्रृंखला आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने जानकारी दी कि 7 अगस्त की शाम 6:30 बजे प्रसिद्ध वक्ता डॉ. बृजेश यादव के श्रीमुख से सुंदरकांड पर आधारित श्रीराम कथा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई।