-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बरेली में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार, 1.3 किलो हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बरेली में मीरगंज में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) बरेली यूनिट और मीरगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बरेली में मीरगंज में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) बरेली यूनिट और मीरगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर एक कथित हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 किलो 300 ग्राम हेरोइन बरामद करने का दावा किया है। आरोपी के पास से एक वीवो मोबाइल फोन और 1200 रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। कार्रवाई के दौरान आरोपी का सगा भाई मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। पुलिस के मुताबिक एएनटी बरेली यूनिट में तैनात उपनिरीक्षक विकास यादव को सूचना मिली थी कि फरीदपुर थाना क्षेत्र के गांव मोहानपुर निवासी जव्वार अपने भाई सत्तार के साथ कथित तौर पर हेरोइन की तस्करी और सप्लाई करता है। सूचना के आधार पर एएनटी यूनिट और मीरगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने हाईवे किनारे एक अस्पताल के सामने तथा गांव परौरा जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की। पुलिस टीम ने मौके से जव्वार को पकड़ लिया, जबकि उसका भाई सत्तार पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। तलाशी के दौरान जव्वार के कब्जे से 1300 ग्राम हेरोइन, मोबाइल फोन और 1200 रुपये बरामद किए गए। दो साल से तस्करी करने का दावा पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि वह अपने भाई के साथ करीब दो वर्षों से हेरोइन की तस्करी और सप्लाई कर रहा था। पुलिस के अनुसार, दोनों कई बार देहरादून जाकर नशीले पदार्थ की सप्लाई कर चुके हैं। कई बार खरीदार स्वयं भी यहां पहुंचकर कथित तौर पर नशीला पदार्थ ले जाते थे। पुलिस के मुताबिक शनिवार को भी एक पार्टी हेरोइन लेने आने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए जव्वार को गिरफ्तार कर लिया। मीरगंज थाने में गिरफ्तार आरोपी और उसके फरार भाई के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जबकि फरार सत्तार की तलाश जारी है। कार्रवाई करने वाली टीम में एएनटी यूनिट के उपनिरीक्षक विकास यादव, मीरगंज थाने के उपनिरीक्षक पंकज कुमार और कांस्टेबल अंकुश कुमार शामिल रहे।
