Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: बलरामपुर में शिक्षक दिवस पर 29 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित, डीएम-सीडीओ और एसपी ने बढ़ाया मान

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Vijay Kumar (UP) , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 05/09/2026 03:36:02 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Vijay Kumar (UP) ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 05/09/2026 03:36:02 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बलरामपुर में शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को बलरामपुर कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बलरामपुर में शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को बलरामपुर कलेक्ट्रेट सभागार में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों और कार्मिकों को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की गई। देश के द्वितीय राष्ट्रपति, महान शिक्षाविद् एवं भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन, मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता और पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने जनपद के 29 उत्कृष्ट शिक्षकों एवं कार्मिकों को प्रशस्ति-पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करने के साथ हुआ। इसके बाद जिले के विभिन्न विकासखंडों से शिक्षण कार्य और विद्यालयीय गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शिक्षकों को सम्मान प्रदान किया गया।

समारोह के दौरान अधिकारियों ने कहा कि शिक्षक बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण के साथ-साथ राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव तैयार करते हैं। प्रत्येक बच्चे की प्रतिभा को पहचानना और उसे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना शिक्षक की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से बच्चों को बेहतर भविष्य देने में शिक्षकों की भूमिका सबसे अहम है। शिक्षकों से नवाचार और रोचक शिक्षण पद्धतियों को अपनाने का आह्वान किया गया। साथ ही बच्चों की शैक्षिक प्रगति पर विशेष ध्यान देने और विद्यालयों में सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण तैयार करने पर जोर दिया गया।

अधिकारियों ने सम्मानित शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि उनका उत्कृष्ट कार्य जिले के अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों के समर्पण और मेहनत से ही विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास होता है। सम्मान समारोह में बेसिक शिक्षा विभाग समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और शिक्षक मौजूद रहे। 29 उत्कृष्ट शिक्षकों एवं कार्मिकों को सम्मान मिलने से समारोह का माहौल उत्साहपूर्ण और गौरवपूर्ण नजर आया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों के योगदान को सराहा गया और उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में इसी तरह समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।।