Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: श्रावण शिवरात्रि पर बस्ती में मेगा ट्रैफिक प्लान लागू, कई मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Irshad Ahmad , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 07/08/2026 04:08:13 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Irshad Ahmad ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 07/08/2026 04:08:13 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बस्ती में श्रावण शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए बस्ती पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बस्ती में श्रावण शिवरात्रि और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु एवं निर्बाध रूप से संपन्न कराने के लिए बस्ती पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की है। राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर शहर के प्रमुख मार्गों तक वाहनों की आवाजाही के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से यात्रा पर निकलने से पहले रूट डायवर्जन की जानकारी लेने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार लखनऊ, बाराबंकी, गोण्डा, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, अंबेडकरनगर और गोरखपुर की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। लखनऊ से आने वाले वाहन शहीद पथ के रास्ते पूर्वांचल एक्सप्रेसवे होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं बाराबंकी, गोण्डा और परशुरामपुर की ओर से आने वाले वाहनों को जरवल रोड, कर्नलगंज, उतरौला और डुमरियागंज मार्ग से भेजा जाएगा।

संतकबीरनगर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए दुर्गा मंदिर मगहर, टेमा रहमत, बिड़हरघाट, धनघटा और मेंहदावल रोड समेत कई स्थानों पर रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इसके अलावा बस्ती से सिद्धार्थनगर और अंबेडकरनगर जाने वाले वाहनों को कलवारी चौराहे से गायघाट, कुदरहा और लालगंज मार्ग का उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। गोरखपुर से बस्ती आने वाले वाहनों को लिंक एक्सप्रेसवे के जरिए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ा जाएगा, ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात का दबाव कम रहे। शहर के भीतर भी कई प्रमुख चौराहों पर विशेष यातायात व्यवस्था लागू रहेगी। शास्त्री चौक, चेतक तिराहा, फव्वारा तिराहा, गड़गोड़िया तिराहा, अस्पताल चौराहा और सोनूपार सहित कई स्थानों पर बैरियर लगाए जाएंगे। इन मार्गों पर सामान्य वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें वैकल्पिक रास्तों से उनके गंतव्य तक भेजा जाएगा।

कांवड़ यात्रा को देखते हुए कांवड़ियों के वाहनों के लिए भी अलग ट्रैफिक व्यवस्था बनाई गई है। फुटहिया, बड़ेबन, पटेल चौक, हड़िया चौराहा, परसा जाफर, पॉलीटेक्निक चौराहा, शास्त्री चौक, चेतक तिराहा, दक्षिण दरवाजा, पाण्डेय बाजार, जिगना चौराहा, करूआ बाबा तिराहा और रेलवे स्टेशन सहित कुल 18 स्थानों पर विशेष रूट डायवर्जन लागू रहेगा। रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन क्षेत्र में अतिरिक्त यातायात प्रबंधन भी किया गया है। इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस ने अलग इमरजेंसी ट्रैफिक प्लान भी तैयार किया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से अपील की है कि वे पुलिस के निर्देशों का पालन करें, निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें और श्रावण शिवरात्रि एवं कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण बनाने में सहयोग दें।