Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: लखनऊ में आंधी-बारिश का कहर, सीतापुर रोड पर पेड़ गिरने से लगा लंबा जाम

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Sattar Ali , उत्तर प्रदेश  Edited By: Yashoda, Date: 26/09/2026 01:54:55 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Sattar Ali ,
  • Edited By.: Yashoda,
  • Date:
  • 26/09/2026 01:54:55 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: लखनऊ में शनिवार सुबह से जारी तेज बारिश और आंधी-तूफान के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। सीतापुर रोड स्थित टोल प्लाजा के पास तेज हवाओं के चलते एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: लखनऊ में शनिवार सुबह से जारी तेज बारिश और आंधी-तूफान के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। सीतापुर रोड स्थित टोल प्लाजा के पास तेज हवाओं के चलते एक बड़ा पेड़ सड़क पर गिर गया। पेड़ गिरने से सीतापुर रोड और एनएच-24 पर यातायात प्रभावित हुआ और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 8:30 बजे सीतापुर रोड टोल प्लाजा के पास आंधी के दौरान पेड़ गिरा। अचानक सड़क पर पेड़ गिरने से वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, पेड़ गिरने के बाद यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और काफी देर तक वाहन जाम में फंसे रहे।

भारी बारिश और तेज हवाओं का असर सीतापुर रोड स्थित मानपुर सब्जी मंडी में भी देखने को मिला। बारिश के कारण मंडी में सामान्य दिनों की तरह किसानों और व्यापारियों की आवाजाही नहीं हो सकी। मंडी में सब्जियों की आवक भी प्रभावित हुई है। बारिश और खराब मौसम के चलते कई किसान मंडी तक नहीं पहुंच सके, जिससे कारोबार पर असर पड़ा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, तेज हवाओं के कारण कई दुकानों और अस्थायी ठिकानों पर लगी त्रिपाल और पन्नियां भी उड़ गईं। इससे दुकानदारों और छोटे कारोबारियों को नुकसान उठाना पड़ा है। लगातार बारिश के कारण मंडी परिसर में भी परेशानी की स्थिति बनी हुई है।

वहीं, स्थानीय लोगों ने बताया कि भारी बारिश के कारण पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति भी प्रभावित है। कई इलाकों में बिजली नहीं आने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली बाधित होने से दुकानदारों और स्थानीय कारोबारियों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

लगातार बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए स्थानीय लोगों में चिंता बनी हुई है। सड़क पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित होने के साथ-साथ मंडी में कारोबार और किसानों की गतिविधियों पर भी इसका सीधा असर पड़ा है।


Featured News