-
☰
No image found.
हरियाणा: जनगणना 2027 की तैयारी हुई पूरी,16 अप्रैल से शुरू होगी स्व-गणना चालू
- Photo by : social media
संक्षेप
हरियाणा: आगामी जनगणना 2027 के सफल व व्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिले में जनगणना के प्रथम चरण के तहत प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आज संपन्न हो गया। य
विस्तार
हरियाणा: आगामी जनगणना 2027 के सफल व व्यवस्थित संचालन के लिए जिला प्रशासन ने अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिले में जनगणना के प्रथम चरण के तहत प्रगणकों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण आज संपन्न हो गया। यह प्रशिक्षण 6 अप्रैल से शुरू हुआ था, जो सोमवार को सभी तहसीलों और नगरीय निकायों में समाप्त हुआ। जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि प्रत्येक फील्ड वर्कर डिजिटल और तकनीकी रूप से पूरी तरह सक्षम हो, ताकि वास्तविक गणना के दौरान किसी प्रकार की बाधा न आए।
उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के अंतिम दिन भी फील्ड-ट्रेनर्स ने सभी प्रतिभागियों को आवश्यक तकनीकी और प्रायोगिक जानकारी विस्तार से दी। उन्होंने बताया कि कुल 15 प्रशिक्षण केंद्रों पर यह प्रक्रिया पूरी की गई। नारनौल, महेंद्रगढ़, अटेली, कनीना और नांगल चौधरी तहसीलों में दो-दो बैच संचालित हुए, जबकि नगर निकाय क्षेत्रों में एक-एक बैच द्वारा कर्मचारियों को मास्टर ट्रेनर्स ने प्रशिक्षित किया। प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरंतर निरीक्षण भी किया गया। जनगणना निदेशालय चंडीगढ़ से सहायक प्रमंडल प्रभारी सतीश कुमार और जिला समन्वयक अंकेत ने विभिन्न केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उपायुक्त ने बताया कि जनगणना का मुख्य कार्यक्रम 1 मई से 30 मई तक चलेगा। इस बार नागरिकों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। लोग 16 से 30 अप्रैल के बीच आधिकारिक पोर्टल sl.census.gov.in पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। आमजन की सुविधा के लिए प्रशासन ने टोल-फ्री नंबर 1855 भी जारी किया है, जिस पर नागरिक जनगणना से संबंधित किसी भी जानकारी हेतु संपर्क कर सकते हैं। अंत में, कैप्टन मनोज कुमार ने जिलेवासियों से अपील की कि वे राष्ट्र के इस महत्वपूर्ण कार्य में पूरा सहयोग दें और सही एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं।
