Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: छह महीने की सैलरी मांगने पर निजी गनर को बंधक बनाकर पीटने का आरोप, कॉलेज चेयरमैन पर केस

- Photo by : SOCIAL MEDIA

उत्तर प्रदेश  Published by: Chhatra Pal , उत्तर प्रदेश  Edited By: Kunal Tewatia, Date: 04/09/2026 04:53:31 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Chhatra Pal ,
  • Edited By.: Kunal Tewatia,
  • Date:
  • 04/09/2026 04:53:31 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: बरेली में खुसरो कॉलेज के चेयरमैन शेर अली जाफरी पर अपने निजी गनर को कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: बरेली में खुसरो कॉलेज के चेयरमैन शेर अली जाफरी पर अपने निजी गनर को कथित तौर पर बंधक बनाकर मारपीट करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित गनर योगेश गुप्ता का आरोप है कि करीब छह महीने की बकाया सैलरी मांगने पर उसे कॉलेज के ऑफिस में बंद कर दिया गया और डंडों व लात-घूंसों से पीटा गया। आरोप है कि इसी दौरान घास काटने वाले चाकू से भी हमला किया गया, जिससे उसकी कलाई कट गई। मामले में एसएसपी अनुराग आर्य के आदेश के बाद सीबीगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 

शिवनगर कॉलोनी निवासी योगेश गुप्ता के मुताबिक, वह करीब एक साल से शेर अली जाफरी के यहां निजी गनर के रूप में काम कर रहा था। उसकी मासिक सैलरी 28 हजार रुपये तय थी। योगेश का दावा है कि 1 मार्च से 22 अगस्त 2026 तक की करीब 1,60,533 रुपये की सैलरी बकाया थी। वह लगातार भुगतान की मांग कर रहा था, लेकिन उसे कथित तौर पर बाद में देने की बात कहकर टाला जा रहा था। योगेश के अनुसार, 21 अगस्त को शेर अली जाफरी उसे अपने डिग्री कॉलेज बाकरगंज, जहानाबाद, पीलीभीत ले गए थे। अगले दिन वह सीबीगंज स्थित खुसरो पीजी कॉलेज पहुंचा। दोपहर करीब 12 बजे जब उसने बकाया वेतन की मांग की तो आरोप है कि चेयरमैन नाराज हो गए। गाली-गलौज के बाद उसे ऑफिस के अंदर बंद कर दिया गया।

डंडों और लात-घूंसों से मारपीट का आरोप

पीड़ित का आरोप है कि ऑफिस में बंद करने के बाद उसके साथ डंडों और लात-घूंसों से मारपीट की गई। इसी दौरान घास काटने वाला चाकू उठाकर उस पर हमला किया गया। बचाव करने के दौरान उसकी कलाई कट गई। योगेश ने पुलिस को दी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसे जान से मरवाने की धमकी दी गई। पीड़ित का दावा है कि उसे ऊंचे अधिकारियों से पहचान होने की बात कहकर डराया गया और दोबारा रुपये मांगने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई। योगेश के मुताबिक, घटना वाले दिन वह सीबीगंज थाने पहुंचा था, लेकिन उसकी शिकायत दर्ज नहीं हुई। इसके बाद उसने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के आदेश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

डी-फार्मा मामले में भी सुर्खियों में रहे हैं चेयरमैन

शेर अली जाफरी का नाम इससे पहले खुसरो कॉलेज से जुड़े कथित डी-फार्मा फर्जी डिग्री मामले में भी सामने आया था। पुलिस और एसआईटी की कार्रवाई के दौरान उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज होने और गिरफ्तारी की बात सामने आई थी। बाद में उन्हें जमानत मिली थी। उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी हुई थी। हालांकि, इन मामलों में लगे आरोपों पर अंतिम निर्णय अदालत द्वारा किया जाना बाकी है।

चेयरमैन ने आरोपों को बताया गलत

मामले में शेर अली जाफरी ने योगेश के आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि योगेश ने उनके यहां करीब दो माह कुछ दिन काम किया था और उसका भुगतान चेक के माध्यम से किया जा चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि योगेश के खिलाफ उन्होंने कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया है। चेयरमैन ने मारपीट और अन्य लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। फिलहाल सीबीगंज पुलिस मामले में दोनों पक्षों के दावों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Featured News