Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: तीन फरार इनामी आरोपियों के संभावित आत्मसमर्पण को लेकर कड़ी हुई सुरक्षा व्यवस्था

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Ramkesh Vishwakarma , उत्तर प्रदेश  Edited By: Kunal, Date: 13/06/2026 01:23:52 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Ramkesh Vishwakarma ,
  • Edited By.: Kunal,
  • Date:
  • 13/06/2026 01:23:52 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: गाजीपुर चर्चित होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड में फरार चल रहे तीन एक-एक लाख रुपये के इनामी आरोपियों के संभावित आत्मसमर्पण की अटकलों के बीच पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: गाजीपुर चर्चित होटल कारोबारी विनीत राय हत्याकांड में फरार चल रहे तीन एक-एक लाख रुपये के इनामी आरोपियों के संभावित आत्मसमर्पण की अटकलों के बीच पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए लगातार दूसरे दिन जिला न्यायालय परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया है और आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। गौरतलब है कि 29 मई की रात होटल कारोबारी विनीत राय की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने शंकर पांडे, कमलेश चौधरी, सोनू यादव, आलोक दुबे समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश का मुकदमा दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वाराणसी रेंज के डीआईजी ने सभी नामजद आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इनमें से मुख्य आरोपी कमलेश चौधरी पुलिस मुठभेड़ में मारा जा चुका है, जबकि तीन अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं।

हाल ही में जिला प्रशासन ने फरार आरोपियों के घरों पर नोटिस चस्पा कर उन्हें निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया था। इसके बाद से उनके आत्मसमर्पण की चर्चाएं तेज हो गई हैं। संभावित सरेंडर की सूचना के मद्देनजर जिला न्यायालय, कलेक्ट्रेट, डीएम कार्यालय और तहसील परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। कोर्ट परिसर में प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस और खुफिया एजेंसियां भी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। एसपी सिटी राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि संभावित आत्मसमर्पण को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश और गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।