-
☰
बिहार: नवादा में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 1.5 लाख महिलाओं को 10,000 रुपए की आर्थिक सहायता राशि का वितरण
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
बिहार: मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का मुख्य उद्देश्य राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को उनकी पसंद का रोजगार शुरू करने हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान करना है।
विस्तार
बिहार: मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का मुख्य उद्देश्य राज्य के प्रत्येक परिवार की एक महिला को उनकी पसंद का रोजगार शुरू करने हेतु आर्थिक सहयोग प्रदान करना है। प्रारंभिक राशि 10,000 रुपए दी जाएगी तथा रोजगार शुरू करने के बाद आकलन कर 2 लाख रुपए तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि यह सामुदायिक सहकारिता आधारित योजना है, जिसके तहत लाभुकों को पहले स्थानीय स्वयं सहायता समूहों से जोड़ा जाएगा। राज्य में सक्रिय 11 लाख से अधिक स्वयं सहायता समूहों और 1 करोड़ 40 लाख से अधिक जीविका दीदियों के सहयोग से लाभुकों को प्रशिक्षण, उत्पादन तथा विपणन में सहायता दी जाएगी। महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिए गांव से शहर तक हाट-बाजार विकसित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि इस योजना के क्रियान्वयन से महिलाएं आत्मनिर्भर बनेंगी, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और राज्य एवं देश की आर्थिक प्रगति को बल मिलेगा। जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक चंदन कुमार सुमन ने बताया कि माननीय प्रधानमंत्री के द्वारा नवादा जिले के लगभग 1.5 लाख महिला लाभुकों को 10,000 रुपए प्रति लाभुक राशि का अंतरण किया गया। उन्होंने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण नगर भवन के साथ-साथ जिले के ग्राम संगठन, संकुल संघ एवं प्रखंड स्तर पर किया गया, जिसमें 4 लाख 30 हजार से अधिक जीविका दीदियाँ जुड़ीं। सभी दीदियों ने पैसे आने से संबंधित संदेश को दिखाकर अपनी खुशी जाहिर की और सरकार को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रियंका रानी, अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर अमित अनुराग, गोपनीय शाखा प्रभारी राजीव कुमार, सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी अमरनाथ कुमार, 20-सूत्री के उपाध्यक्ष मुकेश कुमार विद्यार्थी, वार्ड परिषद अध्यक्षा पिंकी देवी, जिला परिषद अध्यक्षा पुष्पा देवी के साथ-साथ अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।