-
☰
बिहार: नवादा की समस्याओं को विधान परिषद में उठाया, एमएलसी अशोक कुमार ने सरकार से मांगा त्वरित समाधान
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
बिहार: बिहार विधान परिषद के सदस्य अशोक कुमार ने सदन में नवादा जिले से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया और सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की। तारांकित प्रश्न के माध्यम से उन्होंने बताया कि बेलट्रॉन द्वारा डाटा एंट्री ऑपरेटर की परीक्षा आ
विस्तार
बिहार: बिहार विधान परिषद के सदस्य अशोक कुमार ने सदन में नवादा जिले से जुड़ी विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया और सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की। तारांकित प्रश्न के माध्यम से उन्होंने बताया कि बेलट्रॉन द्वारा डाटा एंट्री ऑपरेटर की परीक्षा आयोजित की गई थी, जिसमें हिंदी टंकण में करीब 10 हजार अभ्यर्थी सफल हुए थे। नियुक्ति अधिसूचना में सीटों की संख्या स्पष्ट नहीं किए जाने के बावजूद केवल 5 हजार अभ्यर्थियों का ही पैनल जारी किया गया। उन्होंने शेष बचे लगभग 5 हजार अभ्यर्थियों के लिए द्वितीय पैनल का निर्माण कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग की। निवेदन के माध्यम से एमएलसी अशोक कुमार ने नवादा जिले के अकबरपुर प्रखंड अंतर्गत पंचायत कुलना के ग्राम बंदरकोल से मुख्य पथ तक लगभग तीन किलोमीटर संपर्क मार्ग नहीं होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में कच्ची सड़क के कारण ग्रामीणों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने उक्त सड़क के निर्माण की मांग की। शून्यकाल के दौरान उन्होंने नवादा जिले में पोषकयुक्त चावल की कमी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पैक्स एवं मिलर किसानों से धान की खरीद नहीं कर रहे हैं या बिना भुगतान के धान ले रहे हैं। इससे किसान अपनी उपज को औने-पौने दामों पर बाजार में बेचने को मजबूर हैं। उन्होंने सरकार से समय रहते इस समस्या का समाधान सुनिश्चित करने की मांग की।अल्पसूचित प्रश्न के माध्यम से अशोक कुमार ने नगर परिषद नवादा के वार्ड संख्या-5 स्थित अग्रवाल पेट्रोल पंप के सामने से हड्डी गोदाम होते हुए एनएच-20 को जोड़ने वाली जर्जर सड़क का मामला उठाया। उन्होंने आम लोगों की सुविधा को देखते हुए इस सड़क के शीघ्र निर्माण की मांग की। सदस्य द्वारा उठाए गए इन मुद्दों पर सरकार की ओर से आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।