Contact for Advertisement 9650503773


हरियाणा: लुवास के शिक्षकों को कैरियर एडवांसमेंट स्कीम के तहत पदोन्नति, कुलपति ने सौंपे आदेश

- Photo by : social media

हरियाणा  Published by: Rajput Ranjeet , हरियाणा  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 06/08/2026 05:57:04 pm Share:
  • हरियाणा
  • Published by.: Rajput Ranjeet ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 06/08/2026 05:57:04 pm
Share:

संक्षेप

हरियाणा: लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार में शिक्षकों के लिए बुधवार का दिन नई उपलब्धियों और उत्साह से भरा रहा।

विस्तार

हरियाणा: लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), हिसार में शिक्षकों के लिए बुधवार का दिन नई उपलब्धियों और उत्साह से भरा रहा। विश्वविद्यालय की पर्सोनल कमेटी एवं बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की सिफारिश के आधार पर कैरियर एडवांसमेंट स्कीम के तहत विभिन्न विभागों के शिक्षकों को पदोन्नति प्रदान की गई। कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा ने कुलपति सचिवालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पदोन्नति प्राप्त शिक्षकों को औपचारिक रूप से आदेश सौंपे और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।

विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से जारी आदेशों के अनुसार मीट टेक्नोलॉजी विभाग के डॉ. अशोक कुमार मलिक, वेटरिनरी पैथोलॉजी विभाग के डॉ. विकास नेहरा, वेटरिनरी पब्लिक हेल्थ विभाग की डॉ. रेनू गुप्ता, वेटरिनरी गायनेकोलॉजी एवं ऑब्स्टेट्रिक्स विभाग के डॉ. ज्ञान सिंह, वेटरिनरी मेडिसिन विभाग की डॉ. दिव्या अग्निहोत्री, एनिमल बायोटेक्नोलॉजी विभाग के डॉ. अमन कुमार, वेटरिनरी माइक्रोबायोलॉजी विभाग की डॉ. वंदना भनोट तथा वेटरिनरी पैथोलॉजी विभाग की डॉ. दीपिका को कैरियर एडवांसमेंट स्कीम के तहत पदोन्नति दी गई। इसके अलावा डॉ. बिस्वा रंजन महारणा को वेटरिनरी पैरासिटोलॉजी में सीनियर साइंटिस्ट के पद पर पदोन्नत किया गया।

इस अवसर पर कुलपति प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार वर्मा ने कहा कि किसी भी विश्वविद्यालय की सबसे बड़ी ताकत उसके शिक्षक होते हैं। उन्होंने कहा कि पदोन्नति केवल वर्षों की मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट कार्यों का सम्मान नहीं है, बल्कि यह विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षकों पर जताए गए विश्वास का भी प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पदोन्नत शिक्षक शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और विस्तार गतिविधियों में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएंगे तथा विश्वविद्यालय की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान को मजबूत करने में योगदान देंगे।

कुलपति ने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों की गुणवत्ता शिक्षकों की कार्यशैली, शोध क्षमता और विद्यार्थियों के मार्गदर्शन पर निर्भर करती है। ऐसे में योग्य शिक्षकों को समय पर पदोन्नति देना न केवल उनकी उपलब्धियों का सम्मान है, बल्कि इससे विश्वविद्यालय में उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को भी बढ़ावा मिलता है। इस मौके पर लुवास शिक्षक संघ (LUVASTA) के अध्यक्ष डॉ. अमित पूनिया ने सभी पदोन्नत शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन ने पदोन्नति प्रक्रिया को समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरा किया है, जिससे शिक्षकों का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने कुलपति प्रो. विनोद कुमार वर्मा और विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी सकारात्मक पहल से शिक्षकों को बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी और विश्वविद्यालय में शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों को नई गति प्राप्त होगी। कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. आर.एन. चौधरी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य और शिक्षक उपस्थित रहे। पदोन्नति प्राप्त शिक्षकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में शिक्षा, अनुसंधान और पशु चिकित्सा विज्ञान के क्षेत्र में और बेहतर योगदान देने का संकल्प भी दोहराया।