-
☰
मध्य प्रदेश: भोपाल बनेगी गुलाब नगरी, 2028 में वर्ल्ड रोज कन्वेंशन का किया गया आयोजन
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: भोपाल शहर की नई पहचान ‘गुलाब नगरी’ के रूप में विकसित की जाएगी।
विस्तार
मध्य प्रदेश: भोपाल शहर की नई पहचान ‘गुलाब नगरी’ के रूप में विकसित की जाएगी। इसके लिए वर्ल्ड रोज सोसायटी एवं उद्यानिकी विभाग संयुक्त रूप से कार्य करेंगे। यह बात उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह ने 45वीं अखिल भारतीय गुलाब प्रदर्शनी के समापन अवसर पर कही। मंत्री श्री कुशवाह ने बताया कि जनवरी 2028 में वर्ल्ड रोज कन्वेंशन का आयोजन भोपाल में किया जाएगा, जिसमें लगभग 40 देशों के गुलाब विशेषज्ञ भाग लेंगे। सम्मेलन के दौरान गुलाब खेती, प्रदर्शनियां, कार्यशालाएं एवं बागवानी क्षेत्र में नवाचारों पर विषय-विशेषज्ञों द्वारा विचार-विमर्श किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गुलाब उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यवसायिक एवं शौकिया बागवानी करने वाले लोगों—चाहे वे घरों के बगीचों, टेरेस गार्डन या गमलों में पौधरोपण करते हों—को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर प्रोत्साहित किया जा रहा है। वर्ष 2028 के सम्मेलन को ध्यान में रखते हुए भोपालवासियों की सहभागिता से शासकीय एवं निजी उद्यानों को गुलाब उद्यानों के रूप में विकसित किया जाएगा। उद्यानिकी विभाग द्वारा संचालित गुलाब उद्यान को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जाएगा, जिसके लिए आवश्यक संसाधन राज्य सरकार उपलब्ध कराएगी। उन्होंने नागरिकों से अपने घर-आंगन में छोटे-छोटे उद्यान विकसित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर आयुक्त उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण श्री अरविंद दुबे ने आयोजन के लिए भोपालवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मना रही है, जिसके अंतर्गत उद्यानिकी विभाग द्वारा फूलों की खेती को प्रोत्साहित करने हेतु विशेष कार्ययोजना बनाई गई है। उन्होंने बताया कि फूलों का उत्पादन आज रोजगार का एक सशक्त माध्यम बन रहा है, जिससे बड़ी संख्या में शिक्षित किसान एवं युवा उद्यमी लाभ अर्जित कर रहे हैं। वर्ल्ड रोज सोसायटी के अध्यक्ष श्री सुशील प्रकाश ने बताया कि यह एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है, जो प्रत्येक तीन वर्ष में विश्व गुलाब सम्मेलन का आयोजन करता है। गुलाबों के प्रचार-प्रसार, शोध एवं बागवानी को बढ़ावा देना इसका मुख्य उद्देश्य है। मध्यप्रदेश रोज सोसायटी इसकी महत्वपूर्ण सदस्य है। उन्होंने जानकारी दी कि जापान में वर्ष 2025 में आयोजित 20वें विश्व गुलाब सम्मेलन में वर्ष 2028 के 21वें सम्मेलन की मेजबानी भोपाल को सौंपी गई है। विजेताओं को किया गया पुरस्कृत दो दिवसीय गुलाब प्रदर्शनी के समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। संस्थागत उद्यान विकास में ओवरऑल चैम्पियनशिप विधानसभा उद्यान को प्रदान की गई। व्यक्तिगत श्रेणी में ओवरऑल चैम्पियनशिप श्रीमती भावना पाण्डे को मिली। किंग ऑफ द शो, प्रिंसेस ऑफ द शो एवं सर्वोत्तम सफेद गुलाब के लिए बीएमएचआरसी को रनिंग शील्ड प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त अन्य श्रेणियों के विजेताओं को भी प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
मध्य प्रदेश: थांदला में होली हाट के दौरान पुलिस की सख्ती, हुड़दंगियों को खदेड़ा
बिहार: केंद्रीय मंत्री को दी गई जन्मदिन की बधाई
उत्तर प्रदेश: नेशनल सोशल क्लब द्वारा होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन
हरियाणा: पलवल में होली पर चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा व्यवस्था, हुड़दंगियों पर कड़ी नजर
मध्य प्रदेश: रतलाम जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे गंभीर प्रश्न
मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश: निर्मला पाराशर और साक्षी पाराशर की पुस्तकों का विमोचन