-
☰
No image found.
राजस्थान: जिला कलेक्टर का बयान, जल जीवन मिशन के कार्य समय पर और गुणवत्ता के साथ पूरे हों
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: जल जीवन मिशन के तहत जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित की गई।
विस्तार
राजस्थान: जल जीवन मिशन के तहत जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता मिशन की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन से जुड़े सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। बैठक में जिला कलेक्टर ने कहा कि जिन योजनाओं में पानी की टंकियों या अन्य संरचनाओं के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध नहीं हो रही है, वहां संबंधित पटवारी और उपखंड अधिकारी से लिखित सूचना प्राप्त की जाए, ताकि भूमि आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रत्येक पात्र परिवार को फंक्शनल हाउसहोल्ड टैप कनेक्शन (एफएचटीसी) उपलब्ध कराया जाए और नियमित रूप से पर्याप्त एवं स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए खराब पड़े नलकूपों, हैंडपंपों तथा लीकेज वाली पाइपलाइनों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत होने वाले सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी। बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि जिन योजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, उनका हैंडओवर पंचायतीराज विभाग को तभी किया जाए, जब लेआउट के अनुसार पाइपलाइन की गहराई, लंबाई और गुणवत्ता का भौतिक सत्यापन कर मानचित्र से मिलान कर लिया जाए। इसके साथ ही जिन गांवों में शत-प्रतिशत नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं, वहां ग्राम सभा से 'हर घर नल प्रमाण पत्र' प्राप्त करना भी सुनिश्चित किया जाए। जिला कलेक्टर ने आगामी 15 अगस्त से पहले जिलेभर में जल संरक्षण को लेकर जागरूकता रैलियां आयोजित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना समय की आवश्यकता है। साथ ही सभी सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में जल जीवन मिशन के तहत नल कनेक्शन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मृदुल सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क मरम्मत कार्यों को भी गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा करने पर जोर दिया। अधीक्षण अभियंता जलदाय एन.के. वर्मा ने बताया कि जिले के लगभग 600 गांवों में जल जीवन मिशन के तहत विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी रेखा रानी सहित सभी खंडों के अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश: थाना समाधान दिवस, डीएम-एएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के निर्देश
हरियाणा: NCR में प्रदूषण रोकने की तैयारी तेज, सीएम सैनी के नेतृत्व में तय हुए लक्ष्य
उत्तर प्रदेश: फर्जी दस्तावेज से जमीन एग्रीमेंट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
उत्तर प्रदेश: जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार, लोहे की रॉड और डंडा भी किए बरामद
