-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: कांवड़ यात्रा को लेकर सीएम योगी हुए सख्त, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए दिए निर्देश
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: श्रावण मास और आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: श्रावण मास और आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को शासन स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परेशानी का सामना न करना पड़े और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य सुरक्षा और अन्य जनसुविधाओं को मजबूत बनाया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं और किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीएम योगी ने अफवाह फैलाने वालों, मिलावटखोरों, ओवररेटिंग करने वालों और अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। इसके लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने मेरठ जोन की तैयार कार्ययोजना को प्रदेश के सभी पुलिस जोनों के साथ साझा करने को कहा, ताकि पूरे उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा का संचालन एक समान, सुरक्षित और प्रभावी तरीके से किया जा सके। उन्होंने कांवड़ संघों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने, शिविर संचालकों का समयबद्ध सत्यापन कराने और पड़ोसी राज्यों हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली एवं उत्तराखंड के अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। यात्रा मार्गों को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, पर्याप्त स्ट्रीट लाइट, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि मार्गों पर श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। सीएम योगी ने कहा कि यात्रा मार्गों पर मांस और मदिरा की दुकानों को बंद रखने की व्यवस्था की जाए। खाद्य पदार्थों में मिलावट और अधिक कीमत वसूलने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रत्येक दुकान पर संचालक का नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने और डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुसार रखने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सोशल मीडिया पर फैलने वाली भ्रामक खबरों का तत्काल खंडन करने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने को भी कहा गया है। इसके अलावा बढ़ते जलस्तर को देखते हुए मुख्यमंत्री ने घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और संभावित बाढ़ एवं कटान प्रभावित क्षेत्रों में पहले से तैयारी पूरी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन को लगातार निगरानी बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी सक्रियता से कार्य करने को कहा।
उत्तर प्रदेश: थाना समाधान दिवस, डीएम-एएसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित निस्तारण के निर्देश
हरियाणा: NCR में प्रदूषण रोकने की तैयारी तेज, सीएम सैनी के नेतृत्व में तय हुए लक्ष्य
उत्तर प्रदेश: फर्जी दस्तावेज से जमीन एग्रीमेंट करने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
उत्तर प्रदेश: जानलेवा हमले के दो आरोपी गिरफ्तार, लोहे की रॉड और डंडा भी किए बरामद
