-
☰
No image found.
राजस्थान: Census 2027 के प्रथम चरण हेतु कपासन में प्रगणक-पर्यवेक्षक प्रशिक्षण संपन्न
- Photo by : social media
संक्षेप
राजस्थान: भारत सरकार द्वारा आयोजित जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकान गणना” के अंतर्गत कपासन उपखण्ड स्तर पर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के अंतिम बैच का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
विस्तार
राजस्थान: भारत सरकार द्वारा आयोजित जनगणना 2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकान गणना” के अंतर्गत कपासन उपखण्ड स्तर पर प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के अंतिम बैच का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार नासिर बेग मिर्जा के निर्देशन में आयोजित किया गया। उन्होंने जनगणना कार्य को राष्ट्रीय महत्व का दायित्व बताते हुए सभी कार्मिकों से पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण में क्षेत्र प्रशिक्षक के रूप में चन्द्रप्रकाश पालीवाल एवं शंकरलाल छीपा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्रशिक्षकों द्वारा प्रतिभागियों को जनगणना की ऑनलाइन प्रक्रिया, प्रशिक्षण एप्प के उपयोग, मकान सूचीकरण, मकान गणना, परिवार विवरण संकलन एवं घर-घर सर्वे की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही रोल प्ले गतिविधियों के माध्यम से व्यवहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, जिससे प्रतिभागियों को वास्तविक परिस्थितियों में कार्य करने की समझ विकसित हो सके। प्रशिक्षण के दौरान लगभग 70 प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों ने स्वगणना प्रक्रिया के तहत स्वयं की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर अभ्यास किया। इस प्रक्रिया के माध्यम से प्रतिभागियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कार्य करने की तकनीकी जानकारी एवं व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में तकनीकी सहायक के रूप में निधि जैन, राहुल अग्रवाल ने तकनीकी सहयोग प्रदान करते हुए प्रशिक्षण एप्प एवं ऑनलाइन प्रक्रियाओं के संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। चार्ज अधिकारी नासिर बेग मिर्जा ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं एवं नीतियों का आधार बनते हैं। इसलिए प्रत्येक प्रगणक एवं पर्यवेक्षक को अपने दायित्व का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी एवं सावधानी के साथ करना चाहिए, ताकि सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़े संकलित किए जा सकें। प्रशिक्षण कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई तथा जनगणना 2027 के कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न करने का संकल्प व्यक्त किया।
