-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बीज की दुकानों पर कृषि विभाग की छापेमारी, चार दुकानदारों को दिया नोटिस
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर में रबी सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने छापेमारी अभियान चलाया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: संतकबीरनगर में रबी सीजन के दौरान किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने छापेमारी अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर कृषि विभाग और मजिस्ट्रेट की संयुक्त टीमों ने धनघटा, खलीलाबाद और मेंहदावल तहसीलों में 35 बीज प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान विभिन्न फसलों के 28 नमूने लिए गए, जिन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच के दौरान गेहूं, सरसों, मेथी, पालक, मटर, जौ और बरसीम सहित कई फसलों के बीजों के नमूने एकत्र किए गए। धनघटा में 14 दुकानों से 17 नमूने, खलीलाबाद में पांच दुकानों से तीन नमूने और मेंहदावल में 15 दुकानों से आठ नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान महुली क्षेत्र में डीसीएफ महुली की ओर से आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए। वहीं, मौर्य बीज भंडार, हरियाली एग्री केयर और कृषि बीज भंडार के दुकानदार दुकान बंद कर चले गए थे। इन मामलों में चार दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। कृषि विभाग के अनुसार, प्रयोगशाला जांच में यदि बीज के नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ बीज नियंत्रण आदेश, 1983 के तहत कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा कि किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने और बाजार में अनियमितताओं पर रोक लगाने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा।
