Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: ग्राम चौपाल में डीएम अनुपम शुक्ला ने किया जनसंवाद, सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र तक पहुंचाने पर दिया जोर

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Ramkesh Vishwakarma , उत्तर प्रदेश  Edited By: Shikha Pandey, Date: 01/07/2026 11:47:17 am Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Ramkesh Vishwakarma ,
  • Edited By.: Shikha Pandey,
  • Date:
  • 01/07/2026 11:47:17 am
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: जनपद गाजीपुर के विकासखंड जखनियां अंतर्गत ग्राम पंचायत अलीपुर मदरा के ग्राम सचिवालय में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: जनपद गाजीपुर के विकासखंड जखनियां अंतर्गत ग्राम पंचायत अलीपुर मदरा के ग्राम सचिवालय में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद की उपस्थिति में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। ग्राम चौपाल का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना, ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करना तथा विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना था। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। चौपाल में ग्रामीणों ने बिजली आपूर्ति, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं, शिक्षा, सड़क मरम्मत, राशन वितरण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, राजस्व संबंधी मामलों, पेंशन योजनाओं तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं और सुझाव रखे।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर 100 प्रतिशत समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, बाल सेवा योजना, श्रम पंजीयन, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, शौचालय निर्माण, प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड तथा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना सहित सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म निभाई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया। इसके अलावा जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी ने पांच कुपोषित बच्चों को पोषण पोटली वितरित कर उनके बेहतर स्वास्थ्य की कामना की।

जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शिता और सरल प्रक्रिया के माध्यम से पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से गांवों का भ्रमण कर जनता की समस्याओं का समाधान करने तथा विकास कार्यों की निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए। साथ ही ग्रामीणों से सरकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। ग्राम चौपाल में प्रधानमंत्री आवास प्लस सर्वे-2024 की सूची भी ग्रामीणों के समक्ष पढ़कर सुनाई गई। कार्यक्रम का संचालन जिला विकास अधिकारी राजन राय ने किया। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी जखनियां, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, ग्राम प्रधान, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
 


Featured News