Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: गौतमबुद्ध नगर में उद्योगों की समस्याओं पर DM की अहम पहल, साप्ताहिक समीक्षा का आश्वासन

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Pankaj Kumar , उत्तर प्रदेश  Edited By: Kunal Tewatia, Date: 13/08/2026 06:05:31 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Pankaj Kumar ,
  • Edited By.: Kunal Tewatia,
  • Date:
  • 13/08/2026 06:05:31 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने आज जिलाधिकारी महोदया, गौतम बुद्ध नगर के साथ एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक बैठक कर जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों की विभिन्न गंभीर

विस्तार

उत्तर प्रदेश: इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतम बुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने आज जिलाधिकारी महोदया, गौतम बुद्ध नगर के साथ एक महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक बैठक कर जनपद के औद्योगिक क्षेत्रों की विभिन्न गंभीर समस्याओं एवं उनके स्थायी समाधान पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में विशेष रूप से यूपीसीडा साइड-5 एवं साइड-बी/सी में लंबे समय से चली आ रही जलभराव, ड्रेनेज एवं सफाई व्यवस्था की समस्या को प्रमुखता से रखा गया। जिलाधिकारी महोदया ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए तथा आश्वासन दिया कि जब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो जाता, तब तक यूपीसीडा के साथ साप्ताहिक बैठक कर प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी।

बैठक में IBA द्वारा प्रस्तुत उद्योग केंद्र-2, ईकोटेक-3 को “विश्वस्तरीय मॉडल गेटेड आदर्श औद्योगिक क्षेत्र” के रूप में विकसित करने के विस्तृत प्रस्ताव की भी जिलाधिकारी महोदया ने सराहना की। उन्होंने प्रस्ताव को सकारात्मक बताते हुए शीघ्र एक संयुक्त समिति गठित करने का आश्वासन दिया, जिसमें जिला प्रशासन, संबंधित प्राधिकरण एवं IBA के प्रतिनिधि शामिल होंगे। समिति के माध्यम से विकास कार्यों की नियमित समीक्षा की जाएगी तथा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाती रहेगी। यह मॉडल सफल होने के पश्चात जनपद के अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में भी चरणबद्ध रूप से लागू किए जाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होगी।

जिलाधिकारी महोदया ने कहा कि गौतम बुद्ध नगर की पहचान उद्योग और उद्यमियों से है, इसलिए उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन समस्याओं का संबंध जिस प्राधिकरण से है, उन समस्याओं को उसी प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर वहीं बैठक करके समाधान कराया जाए, ताकि उद्यमियों को बार-बार अलग-अलग स्थानों पर जाने की आवश्यकता न पड़े। बैठक के दौरान IBA प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी महोदया द्वारा शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम को आमजन के लिए खोले जाने तथा खिलाड़ियों को अत्यंत नाममात्र वार्षिक शुल्क पर खेल अभ्यास की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उनका आभार व्यक्त किया तथा स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि जिलाधिकारी महोदया के सकारात्मक दृष्टिकोण, त्वरित निर्णय लेने की कार्यशैली एवं उद्योग हितैषी सोच से जनपद के उद्यमियों में विश्वास और नई उम्मीद पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और उद्योग जगत के बीच इसी प्रकार का निरंतर संवाद एवं समन्वय गौतम बुद्ध नगर को देश के अग्रणी एवं आदर्श औद्योगिक जिलों में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, महासचिव श्री सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष श्री राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष श्री नरेश चौहान, उपाध्यक्ष श्री राजेश खन्ना, युवा कार्यकारिणी सदस्य श्री हर्ष तोमर एवं वरिष्ठ सदस्य श्री चंचल कुमार उपस्थित रहे।