Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: खेत पर गए व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, गांव में तनाव
 

- Photo by : social media

उत्तर प्रदे  Published by: Chhatra Pal , उत्तर प्रदे  Edited By: Kunal, Date: 18/04/2026 12:34:03 pm Share:
  • उत्तर प्रदे
  • Published by.: Chhatra Pal ,
  • Edited By.: Kunal,
  • Date:
  • 18/04/2026 12:34:03 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: जनपद बरेली के थाना भमोरा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां खेत पर शौच के लिए गए एक व्यक्ति की घात लगाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: जनपद बरेली के थाना भमोरा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां खेत पर शौच के लिए गए एक व्यक्ति की घात लगाकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भीकमपुर कुढ्ढा निवासी धर्मपाल पुत्र लखपत सिंह ने थाना भमोरा में दी गई तहरीर में बताया कि उनके भाई कल्याण सिंह (उम्र करीब 48 वर्ष) शनिवार सुबह लगभग 5:40 बजे खेत पर शौच के लिए गए थे। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग, जिनमें फूल सिंह पुत्र राम भरोसे, सतेंद्र पुत्र चरण सिंह, जीराज पुत्र ओमकार, दीपक पुत्र ऋषि, सुनील पुत्र श्रीपाल, नरवीर पुत्र ओमकार और जोगेंद्र पुत्र ओमकार शामिल हैं, पहले से ही झाड़ियों में अवैध असलहों के साथ घात लगाकर बैठे थे। जैसे ही कल्याण सिंह खेत पर पहुंचे, आरोपियों ने उन पर 315 बोर रायफल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली उनके सीने और पेट में लगने से वह मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें तमंचों की बट और रायफल से पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

धर्मपाल के अनुसार, वह भी पास में ही मौजूद थे और गोली चलने की आवाज सुनकर भाई को बचाने दौड़े, लेकिन आरोपियों ने उन पर भी फायरिंग शुरू कर दी, जिससे वह जान बचाकर घर की ओर भागे। शोर सुनकर परिजन और गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर कल्याण सिंह को मृत समझकर हवाई फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही थाना भमोरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और पुलिस द्वारा एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है।