Contact for Advertisement 9650503773


मध्य प्रदेश: गांव में निकली भव्य कलश यात्रा, भक्तिमय हुआ माहौल

- Photo by : social media

मध्य प्रदेश  Published by: Ajay Singh Tomar , मध्य प्रदेश  Edited By: Kunal, Date: 28/05/2026 01:56:44 pm Share:
  • मध्य प्रदेश
  • Published by.: Ajay Singh Tomar ,
  • Edited By.: Kunal,
  • Date:
  • 28/05/2026 01:56:44 pm
Share:

संक्षेप

मध्य प्रदेश: पोरसा में धौर्रा गांव स्थित पाड़री वाले बाबा मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर आज बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई।

विस्तार

मध्य प्रदेश: पोरसा में धौर्रा गांव स्थित पाड़री वाले बाबा मंदिर परिसर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के शुभारंभ अवसर पर आज बुधवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। इस धार्मिक आयोजन में महिलाओं, युवतियों और श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। करीब 250 महिलाओं एवं बालिकाओं ने सिर पर कलश धारण कर श्रद्धा और भक्ति के साथ यात्रा में भाग लिया। वहीं हजारों श्रद्धालु एवं सैकड़ों ग्रामीणजन इस पावन अवसर के साक्षी बने। गांव के प्रमुख मार्गों से निकली शोभायात्रा में भक्तजन भगवान के जयकारों के साथ भक्ति रस में सराबोर नजर आए। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर कलश यात्रा का स्वागत किया। पूरे गांव का वातावरण भक्तिमय हो गया और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

शोभायात्रा के पश्चात श्रीमद्भागवत कथा के प्रथम दिवस पर 1008 आचार्य महामंडलेश्वर  राम भूषण दास महाराज खनेता सरकार ने कथा श्रवण के महत्व पर विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने का माध्यम है। कथा सुनने से मनुष्य के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है तथा जीवन में धर्म, संस्कार और भक्ति का भाव जागृत होता है। महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में मनुष्य भौतिक सुख-सुविधाओं की दौड़ में मानसिक शांति खोता जा रहा है, ऐसे समय में भगवान की कथा ही आत्मिक शांति और मोक्ष का मार्ग दिखाती है। उन्होंने बताया कि भागवत कथा सुनने मात्र से व्यक्ति के पापों का नाश होता है और उसके जीवन में सुख, शांति एवं समृद्धि का आगमन होता है।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि सभी लोग नियमित रूप से कथा श्रवण करें और अपने बच्चों को भी धार्मिक संस्कारों से जोड़ें, ताकि समाज में नैतिकता और संस्कृति मजबूत हो सके। कथा के दौरान भजन-कीर्तन और भगवान की सुंदर झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। आगामी दिनों में कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।