-
☰
No image found.
महाराष्ट्र: सेंसर विवाद हुआ खत्म, 29 मई को रिलीज होगी बाबा नीब करौरी महाराज पर बनी फिल्म
- Photo by : social media
संक्षेप
महाराष्ट्र: मुंबई में लंबे समय से चर्चाओं में बनी आध्यात्मिक फिल्म श्री बाबा नीब करौरी महाराज आखिरकार 29 मई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।
विस्तार
महाराष्ट्र: मुंबई में लंबे समय से चर्चाओं में बनी आध्यात्मिक फिल्म श्री बाबा नीब करौरी महाराज आखिरकार 29 मई को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म की रिलीज को लेकर पिछले कई महीनों से विवाद, कानूनी प्रक्रिया और सेंसर संबंधी अड़चनें सामने आती रही थीं, जिसके कारण इसकी रिलीज डेट टालनी पड़ी थी। बाबा नीब करौरी महाराज के जीवन, उनके आध्यात्मिक विचारों, चमत्कारों और मानव सेवा पर आधारित इस फिल्म का भक्तों और दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था। फिल्म पहले 24 अप्रैल को रिलीज होने वाली थी और इसके लिए प्रचार-प्रसार भी शुरू हो चुका था। टीज़र, पोस्टर और संगीत को दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली थी, लेकिन रिलीज से ठीक पहले सेंसर प्रमाणपत्र को लेकर प्रक्रिया अटक गई। फिल्म से जुड़े सूत्रों के अनुसार निर्माताओं ने सेंसर बोर्ड को सभी आवश्यक दस्तावेज और संबंधित पक्षों की एनओसी समय पर उपलब्ध करा दी थी। इसके बावजूद प्रमाणपत्र जारी करने में लगातार देरी होती रही। निर्माताओं का आरोप है कि सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद भी फिल्म को अनावश्यक रूप से रोका गया और बार-बार नई आपत्तियां उठाई गईं।मामला लंबा खिंचने के बाद निर्माताओं ने बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया। कोर्ट में याचिका दाखिल होने के बाद प्रक्रिया में तेजी आई और इसके तुरंत बाद फिल्म को सेंसर बोर्ड से प्रमाणपत्र जारी कर दिया गया। बताया जा रहा है कि रिलीज में हुई देरी के कारण फिल्म के प्रमोशन, वितरण और अन्य व्यवस्थाओं पर बड़ा असर पड़ा, जिससे निर्माताओं को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ा है। सूत्रों का कहना है कि निर्माता पक्ष अब हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई को लेकर कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। इसके लिए अलग से क्षतिपूर्ति याचिका दायर किए जाने की संभावना भी जताई जा रही है। फिल्म इंडस्ट्री में भी यह मामला चर्चा का विषय बना रहा। बाबा नीब करौरी महाराज को देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर में करोड़ों लोग श्रद्धा और आस्था के साथ मानते हैं। कैंची धाम सहित उनके विभिन्न आश्रमों में हर वर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। फिल्म के निर्देशक शरद सिंह ठाकुर ने कहा कि यह फिल्म केवल एक सिनेमाई प्रोजेक्ट नहीं बल्कि एक आध्यात्मिक जिम्मेदारी थी। उन्होंने बताया कि फिल्म निर्माण से पहले वर्षों तक रिसर्च की गई और उन लोगों से बातचीत की गई जिन्हें बाबा का प्रत्यक्ष सान्निध्य प्राप्त हुआ था। फिल्म में सुबोध भावे, मोहित गुप्ता, हितेन तेजवानी, स्मिता तांबे, राजेश शर्मा, मिलिंद गुणाजी, अनिरुद्ध दवे, हेमंत पांडे और समीक्षा भटनागर प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। निर्माताओं का कहना है कि वर्षों से कई लोगों ने बाबा के जीवन पर फिल्म बनाने का प्रयास किया, लेकिन यह कार्य पूरा नहीं हो सका। टीम का मानना है कि बाबा के आशीर्वाद और कृपा से ही यह फिल्म अब दर्शकों तक पहुंच रही है। गौरतलब है कि बाबा नीब करौरी महाराज को उनके अनुयायी बजरंगबली का स्वरूप मानते हैं। एप्पल के संस्थापक स्टीव जॉब्स, फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग और हॉलीवुड अभिनेत्री जूलिया रॉबर्ट्स जैसे कई अंतरराष्ट्रीय नाम भी उनसे प्रभावित रहे हैं। अब 29 मई को रिलीज होने जा रही यह फिल्म श्रद्धा, विश्वास और आध्यात्मिक अनुभव की कहानी के रूप में देखी जा रही है। फिल्म इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि यह फिल्म भारतीय आध्यात्मिक सिनेमा को नई पहचान दे सकती है। श्री बाबा नीब करौरी महाराज 29 मई से देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
उत्तर प्रदेश: 29-30 मई को आंधी-तूफान का अलर्ट, जिला प्रशासन ने जारी की चेतावनी
गुजरात: तांबा चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई से क्षेत्र में मिली राहत
राजस्थान: 38वें श्याम महोत्सव से पहले निकाली गई भव्य कलशयात्रा, भक्तिमय माहौल
मध्य प्रदेश: ईद-उल-अज़हा पर राहुल नवरंग ने दी देश-प्रदेशवासियों को मुबारकबाद
मध्य प्रदेश: भीषण गर्मी के बीच ABVP की पहल, राहगीरों के लिए लगाई निःशुल्क ठंडे पेयजल की प्याऊ
उत्तराखंड: नितिन नवीन के दौरे से पहले भाजपा में बैठकों की हलचल तेज, संगठनात्मक रणनीति पर मंथन
