Contact for Advertisement 9650503773


महाराष्ट्र: अवैध IPL सट्टेबाजी रैकेट का हुआ भंडाफोड़, 9 आरोपी गिरफ्तार, ₹87 लाख से अधिक का सामान हुआ जब्त

- Photo by :

महाराष्ट्र  Published by: Tushar , महाराष्ट्र  Edited By: Namita Chauhan, Date: 29/05/2026 03:31:41 pm Share:
  • महाराष्ट्र
  • Published by.: Tushar ,
  • Edited By.: Namita Chauhan,
  • Date:
  • 29/05/2026 03:31:41 pm
Share:

संक्षेप

महाराष्ट्र: कोल्हापुर जिले के इचलकरंजी शहर में अवैध ऑनलाइन IPL सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है।

विस्तार

महाराष्ट्र: कोल्हापुर जिले के इचलकरंजी शहर में अवैध ऑनलाइन IPL सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और करीब ₹86.93 लाख मूल्य का सामान जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन और विशेष जांच पथक (SIT) की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि शहर में कुछ लोग ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए अवैध क्रिकेट सट्टेबाजी का संचालन कर रहे हैं। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया और योजनाबद्ध तरीके से छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी “park247.com” और “park333.com” जैसी वेबसाइटों के माध्यम से ऑनलाइन सट्टेबाजी का संचालन कर रहे थे। पुलिस ने मौके से 12 मोबाइल फोन, लैपटॉप, कंप्यूटर उपकरण, नकदी राशि, चारपहिया वाहन सहित ऑनलाइन सट्टेबाजी में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री जब्त की है। यह कार्रवाई माननीय पुलिस अधीक्षक, कोल्हापुर तथा अपर पुलिस अधीक्षक, गडहिंग्लज विभाग के मार्गदर्शन में की गई। साथ ही उपविभागीय पुलिस अधिकारी, इचलकरंजी विभाग के नेतृत्व में शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन और SIT टीम ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन को अंजाम दिया।

कार्रवाई में शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन के निरीक्षक शिवाजी गायकवाड, शहापुर पुलिस स्टेशन के निरीक्षक गजेंद्र लोहार, हुपरी पुलिस स्टेशन के निरीक्षक विकास शिंदे सहित कई अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं विशेष जांच पथक के अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों ने भी सराहनीय योगदान दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, महाराष्ट्र जुआ अधिनियम तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल सभी आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और इस पूरे सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि ऐसे संगठित अपराधों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।


Featured News