-
☰
No image found.
ओडिशा: भुवनेश्वर एयरपोर्ट पर नाटक के जरिए स्तन कैंसर के प्रति यात्रियों को किया जागरूक
- Photo by : social media
संक्षेप
ओडिशा: कैंसर अब पहले की तरह लाइलाज या जानलेवा बीमारी नहीं रह गया है। प्रारंभिक अवस्था में इसकी सही पहचान और उचित उपचार किया जाए तो कैंसर से पीड़ित मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन व्यतीत कर सकते हैं
विस्तार
ओडिशा: कैंसर अब पहले की तरह लाइलाज या जानलेवा बीमारी नहीं रह गया है। प्रारंभिक अवस्था में इसकी सही पहचान और उचित उपचार किया जाए तो कैंसर से पीड़ित मरीज पूरी तरह स्वस्थ होकर सामान्य जीवन व्यतीत कर सकते हैं। इसलिए स्तन कैंसर के प्रति आम लोगों में व्यापक जागरूकता पैदा करने तथा इसके शुरुआती लक्षणों की पहचान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के उद्देश्य से कटक के तेलेंगापेंठ स्थित एचसीजी पंडा कैंसर अस्पताल और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की ओर से संयुक्त रूप से एक अभिनव जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। भुवनेश्वर स्थित बीजू पटनायक अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे परिसर में आयोजित इस विशेष अभियान के तहत अंतरराष्ट्रीय स्तन कैंसर जागरूकता माह के अवसर पर गत 23 अक्टूबर 2026 को यात्रियों को जागरूक करने के लिए ‘लेफ्ट राइट किया क्या?’ (Left Right Kiya Kya?) शीर्षक से एक आकर्षक नाट्य प्रस्तुति की गई। हवाई अड्डे जैसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले स्थान को जागरूकता अभियान के लिए चुनकर कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से स्तन कैंसर के शुरुआती लक्षणों, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा घर पर स्वयं स्तन परीक्षण (Self-Examination) कैसे किया जाए, इसके बारे में उपस्थित दर्शकों और यात्रियों को सरल भाषा में जानकारी दी। नाट्य प्रस्तुति के माध्यम से यह दर्शाया गया कि आमतौर पर महिलाएं दर्द महसूस होने तक शरीर में दिखाई देने वाले छोटे-मोटे बदलावों या गांठ (Lump) को नजरअंदाज कर देती हैं। ‘लेफ्ट राइट किया क्या?’ संदेश के माध्यम से दोनों स्तनों की नियमित जांच करने तथा किसी भी असामान्यता का पता चलने पर बिना किसी संकोच के तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेने का आह्वान किया गया। हवाई अड्डे के आगमन और प्रस्थान दोनों लाउंज में आयोजित यह कार्यक्रम यात्रियों और आम लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा। इस पूरे कार्यक्रम के आयोजन, मंच सज्जा, यात्रियों से संवाद तथा सफल संचालन की जिम्मेदारी अग्रणी इवेंट मैनेजमेंट संस्था ‘स्पिरिटवेव इवेंट्स’ (Spiritwave Events) ने कुशलतापूर्वक निभाई। इस अभियान के तहत हवाई अड्डे पर लगाए गए प्रत्येक बैनर, बैकड्रॉप और स्टैंडी पर भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और एचसीजी पंडा कैंसर अस्पताल के लोगो सहित जागरूकता संबंधी सूचना प्रदर्शित की गई थी। कार्यक्रम का संचालन प्रस्तोता आद्याश्री दिव्यदर्शिनी ने किया। कार्यक्रम में एचसीजी पंडा कैंसर अस्पताल की सीईओ डॉ. स्मिता पाढ़ी ने भाग लेते हुए कहा कि भारत में महिलाओं में होने वाले कैंसर रोगों में स्तन कैंसर सबसे प्रमुख है। हालांकि, यदि समय पर बीमारी का पता चल जाए तो इसका पूरी तरह इलाज संभव है। इसलिए झिझक को दूर कर अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना बेहद जरूरी है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों ने इस तरह की महत्वपूर्ण जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि यात्रियों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश पहुंचाने की दिशा में एएआई हमेशा प्रतिबद्ध है। अभियान के अंत में उपस्थित यात्रियों, हवाई अड्डे के कर्मचारियों और आम लोगों के बीच स्व-परीक्षण से संबंधित सूचना पुस्तिकाएं वितरित की गईं। इसके साथ ही प्रत्येक व्यक्ति ने अपने घर की महिलाओं—मां, बहन, पत्नी और सहकर्मियों को जागरूक करने तथा ‘लेफ्ट राइट किया क्या?’ के संदेश को समाज के प्रत्येक कोने तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
