Contact for Advertisement 9650503773


राजस्थान: Balotra पुलिस की अभिनव पहल: “अपना गांव, अपनी जिम्मेदारी” अभियान का शुभारंभ

- Photo by : SOCIAL MEDIA

राजस्थान:  Published by: Manoj Kumar Chordiya , Date: 25/02/2026 03:34:49 pm Share:
  • राजस्थान:
  • Published by: Manoj Kumar Chordiya ,
  • Date:
  • 25/02/2026 03:34:49 pm
Share:

संक्षेप

राजस्थान: पुलिस अधीक्षक जिला बालोतरा श्री रमेश आईपीएस ने बताया कि बालोतरा पुलिस द्वारा सामाजिक सहभागिता को सुदृढ़ करने एवं ग्राम स्तर पर प्रभावी जनसंवाद स्थापित करने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए

विस्तार

राजस्थान: पुलिस अधीक्षक जिला बालोतरा श्री रमेश आईपीएस ने बताया कि बालोतरा पुलिस द्वारा सामाजिक सहभागिता को सुदृढ़ करने एवं ग्राम स्तर पर प्रभावी जनसंवाद स्थापित करने के उद्देश्य से प्रारंभ किए गए जनसंपर्क अभियान “अपना गांव, अपनी जिम्मेदारी” का शुरूआत आज दिनांक  24.02.2026 को किटनोद गांव से किया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से नशा मुक्ति, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों की पालना, नवीन आपराधिक कानूनों की जानकारी तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति व्यापक जागरूकता उत्पन्न करना है।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने गांव में पहुंचकर आमजन, युवाओं एवं विद्यार्थियों से सीधे संवाद स्थापित किया। अभियान के अंतर्गत बीट अधिकारी स्तर से लेकर पुलिस अधीक्षक तक के अधिकारी ग्राम-ग्राम जाकर जनजागरूकता का संदेश देंगे तथा स्थानीय समस्याओं को सुनकर उनके त्वरित समाधान का प्रयास करेंगे।


कार्यक्रम के दौरान श्रीमती शारदा विश्नोई निपु. थानाधिकारी जसोल द्वारा नवीन आपराधिक कानूनों के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी डिजिटल प्रस्तुति के माध्यम से दी गई। उन्होंने बताया कि नए कानूनों का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनाना है। साथ ही आमजन से कानूनों की जानकारी रखकर विधिसम्मत आचरण अपनाने की अपील की। तथा राजकाॅप सिटीजन के बारे में विस्तार से बताया। श्री लूणाराम उनि. प्रभारी यातायात शाखा बालोतरा ने यातायात जागरूकता विषय पर संबोधित करते हुए सड़क सुरक्षा नियमों की पालना, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, नाबालिग वाहन संचालन पर प्रतिबंध तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यातायात अनुशासन केवल दंड से नहीं, बल्कि जागरूकता और आत्मानुशासन से सुनिश्चित होता है।

श्री मिश्रेखां साईबर सेल द्वारा साइबर जागरूकता विषय पर डिजिटल प्रस्तुति देते हुए ऑनलाइन ठगी, ओटीपी एवं लिंक फ्रॉड, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग तथा डिजिटल भुगतान से जुड़े जोखिमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने नागरिकों को किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश पर व्यक्तिगत जानकारी साझा न करने तथा आवश्यकता होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क करने का आग्रह किया। किसी भी प्रकार का साइबर अपराध घटित होने पर राष्ट्रीय साईबर हेल्पलाईन नम्बर 1930 पर तत्काल काॅल करने के लिए बताया। कार्यक्रम में स्थानीय विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा नशे के दुष्परिणामों पर आधारित प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसमें नशे से परिवार, स्वास्थ्य एवं समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को मार्मिक रूप से दर्शाया गया। इसके अतिरिक्त स्वरूप खान एण्ड पार्टी द्वारा नशे से दूर रहने हेतु प्रेरणादायी गीत एवं नाटक प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को जागरूक किया गया। सांस्कृतिक माध्यमों से दिए गए इन संदेशों को ग्रामीणों ने विशेष सराहना दी।


अंत में श्री रमेश आईपीएस, पुलिस अधीक्षक, जिला बालोतरा ने अपने उद्बोधन में कहा कि “अपना गांव, अपनी जिम्मेदारी” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि समाज और पुलिस के बीच विश्वास, सहयोग और सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक सशक्त पहल है। उन्होंने कहा कि नशा, साइबर अपराध एवं यातायात उल्लंघन जैसी चुनौतियों से प्रभावी रूप से निपटने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि वे अपने गांव को नशामुक्त, सुरक्षित एवं जागरूक बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं। कार्यक्रम में विरेंद्रकरण सिंह, अखाराम चैधरी, मुकनाराम चैधरी, हरनाथ सिंह, अंबाराम चैधरी, विशनाराम भील, नरेन्द्रकरण सिंह, रघुनाथ परिहार, अजाराम देवासी, जगदीश हरिजन, सज्जनसिंह, इस्माइल खान, वीरमदेव सहित गांव के गणमान्य नागरिकों एवं स्थानीय विद्यालय के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में श्रीमती शारदा विश्नोई निपु. थानाधिकारी जसोल द्वारा सभी उपस्थितजनों को नशे से दूर रहने, दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने तथा “अपना गांव, अपनी जिम्मेदारी” के संकल्प को निभाने की शपथ दिलाई गई। बालोतरा पुलिस द्वारा यह अभियान चरणबद्ध रूप से जिले के विभिन्न गांवों में संचालित किया जाएगा, ताकि प्रत्येक नागरिक तक सुरक्षा, कानून एवं जागरूकता का संदेश पहुंच सके और सुरक्षित, सजग एवं सशक्त समाज का निर्माण सुनिश्चित किया जा सके।


Featured News