Contact for Advertisement 9650503773


Ashok Vihar Robbery: डिलीवरी बॉय बनकर घुसे बदमाश, महिला को बंधक बनाकर 75 लाख की लूटे को दिया अंजाम 

- Photo by : NCR SAMACHAR

दिल्ली  Published by: Shubhi Shikha Nayal , दिल्ली  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 20/08/2026 10:27:26 am Share:
  • दिल्ली
  • Published by.: Shubhi Shikha Nayal ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 20/08/2026 10:27:26 am
Share:

संक्षेप

दिल्ली: नॉर्थ वेस्ट दिल्ली स्थित अशोक विहार इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया।

विस्तार

दिल्ली: नॉर्थ वेस्ट दिल्ली स्थित अशोक विहार इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े एक घर में घुसकर बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि चार बदमाश डिलीवरी बॉय बनकर घर पहुंचे और महिला को बंधक बनाकर करीब 75 लाख रुपये की नकदी और गहने लेकर फरार हो गए। 

घर में घुसते ही महिला को बनाया बंधक

पीड़ित महिला मीरा के अनुसार वह किसी काम से घर से बाहर निकलने वाली थीं। इसी दौरान उन्होंने फ्लैट से सटी सीढ़ियों पर दो युवकों को बैठे देखा। महिला जैसे ही अपने फ्लैट की ओर बढ़ीं, दोनों युवक उनके पीछे घर में घुस गए। इसके बाद उनके दो अन्य साथी भी अंदर आ गए। पीड़ित महिला ने बताया की बदमाशों ने घर में घुसने के बाद उन्हें पकड़ लिया। साथ ही उन्होंने विरोध करते हुए शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी और उनकी गर्दन पर चाकू रख दिया। इसके बाद बदमाशों ने उनके हाथ बांध दिए और मुंह पर टेप लगा दिया, ताकि वह किसी को मदद के लिए बुला न सकें।

करीब 20 मिनट तक घर में रहे बदमाश

पीड़िता के मुताबिक चारों आरोपी करीब 20 मिनट तक घर के अंदर रहे। इस दौरान उन्होंने घर की अलमारी और अन्य जगहों की तलाशी ली। आरोप है कि बदमाश अलमारी में रखी नकदी और गहने लेकर मौके से फरार हो गए। कुल लूट की कीमत करीब 75 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि वारदात को जिस तरीके से अंजाम दिया गया, उससे आशंका है कि आरोपियों को घर और वहां रहने वाले लोगों की गतिविधियों की पहले से जानकारी थी। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या किसी परिचित या घर की गतिविधियों से जुड़े व्यक्ति ने आरोपियों को जानकारी दी थी।

CCTV फुटेज से आरोपियों की तलाश

जानकारी के मुताबिक वारदात के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। बताया जा रहा हैं की यह पूरी घटना घर के पास लगे कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश कर रही है। नॉर्थ वेस्ट दिल्ली की डीसीपी आकांक्षा यादव के अनुसार 19 अगस्त को अशोक विहार के ई-ब्लॉक, फेज-1 स्थित एक घर में डकैती की सूचना को लेकर पीसीआर कॉल मिली थी। पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आधा दर्जन से ज्यादा टीमें जांच में जुटीं

जानकारी के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अशोक विहार थाना पुलिस के अलावा स्पेशल स्टाफ समेत आधा दर्जन से ज्यादा पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी जानकारी और अन्य सुरागों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पीड़ित महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को देने के करीब 45 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही हैं।