Contact for Advertisement 9650503773


Digital Arrest Scam: डिजिटल अरेस्ट के जाल में फंसे बुजुर्ग, 73.80 लाख की ठगी

- Photo by : NCR SAMACHAR

दिल्ली  Published by: Shubhi Shikha Nayal , दिल्ली  Edited By: Shubhi Shikha Nayal, Date: 22/08/2026 05:47:28 pm Share:
  • दिल्ली
  • Published by.: Shubhi Shikha Nayal ,
  • Edited By.: Shubhi Shikha Nayal,
  • Date:
  • 22/08/2026 05:47:28 pm
Share:

संक्षेप

दिल्ली: राजधानी दिल्ली में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं।

विस्तार

दिल्ली: राजधानी दिल्ली में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। साइबर अपराधियों ने डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर दिल्ली में एक रिटायर्ड कर्नल से 15.50 लाख रुपये और नोएडा में 77 वर्षीय बुजुर्ग दंपती से 58.30 लाख रुपये ठग लिए। दोनों घटनाओं में ठगों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर पीड़ितों पर कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी का दबाव बनाया।

रिटायर्ड कर्नल को पुलिस अधिकारी बनकर धमकाया

दिल्ली के मुनिरका एन्क्लेव निवासी रिटायर्ड आर्मी कर्नल को 15 अप्रैल को एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि महाराष्ट्र पुलिस के निर्देश पर उनका मोबाइल नंबर बंद होने वाला है। इसके बाद कॉल को दूसरे नंबर पर ट्रांसफर कर दिया गया। वहां मौजूद व्यक्ति ने खुद को पुलिस अधिकारी बताते हुए कर्नल पर गंभीर आरोप लगाए। साइबर ठगों ने कर्नल से कहा कि उनके नाम और दस्तावेजों का इस्तेमाल मुंबई में अवैध बैंक खाता खोलने में हुआ है। इस खाते से कथित तौर पर मनी लॉन्ड्रिंग, धोखाधड़ी और अन्य आपराधिक गतिविधियां किए जाने की बात कही गई। आरोपों को विश्वसनीय दिखाने के लिए ठगों ने कथित ईडी गिरफ्तारी वारंट और अदालत से जुड़े दस्तावेज भी भेजे।

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर 15.50 लाख ट्रांसफर

आरोपियों ने कर्नल और उनकी पत्नी को डिजिटल अरेस्ट करने की धमकी दी और उन्हें लगातार निगरानी में रहने के लिए मजबूर किया। आरबीआई के कथित निर्देशों का हवाला देकर उनसे 15.50 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। घटना के बाद 19 अप्रैल को साइबर थाने में ई-एफआईआर दर्ज कराई गई। साउथ-वेस्ट जिले की साइबर थाना पुलिस ने जांच के दौरान पंजाब और राजस्थान में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनकी पहचान सरबजीत, सूरज, संदीप और नरेश के रूप में हुई है। पुलिस अब ठगी से जुड़े बैंक खातों और अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

नोएडा में बुजुर्ग दंपती को नौ दिन रखा डर में

नोएडा के सेक्टर-137 स्थित पारस टियरा सोसायटी में रहने वाले 77 वर्षीय रिटायर्ड मैनेजर और उनकी पत्नी भी साइबर ठगों के निशाने पर आ गए। आरोपियों ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर करीब नौ दिनों तक अपने निर्देशों के अनुसार चलने के लिए मजबूर किया। वीडियो कॉल के जरिए निगरानी और गिरफ्तारी की धमकी देकर दंपती को मानसिक दबाव में रखा गया। ठगों ने बुजुर्ग दंपती को धमकी दी कि यदि उन्होंने किसी को जानकारी दी तो उन्हें जेल भेज दिया जाएगा। इसी डर के बीच आरोपियों ने उनसे 58.30 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए। बेटों के दूसरे शहरों में रहने के कारण दंपती घर में अकेले रहते थे। शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।