-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: पेटलावद में सखी वन स्टॉप सेंटर का शुभारंभ, मंत्री निर्मला भूरिया बोलीं— महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का बनेगा मजबूत केंद्र
- Photo by : SOCIAL MEDIA
संक्षेप
मध्य प्रदेश: सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने शनिवार को पेटलावद में सखी वन स्टॉप सेंटर का उद्घाटन किया।
विस्तार
मध्य प्रदेश: सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में प्रदेश की महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने शनिवार को पेटलावद में सखी वन स्टॉप सेंटर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने सेंटर का अवलोकन कर उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं की जानकारी ली तथा महिलाओं को त्वरित, संवेदनशील एवं प्रभावी सहायता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम की शुरुआत कन्या पूजन से हुई। मंत्री सुश्री भूरिया ने बेटियों का पूजन कर उन्हें सम्मानित किया तथा समाज को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और बेटी सम्मान का प्रेरक संदेश दिया। अपने उद्बोधन में मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक प्रगति महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण से ही मापी जाती है। प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में महिलाओं और बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सखी वन स्टॉप सेंटर संकट की घड़ी में महिलाओं के लिए आशा, विश्वास और सुरक्षा का केंद्र बनेगा, जहां उन्हें एक ही स्थान पर चिकित्सा सहायता, विधिक परामर्श, मनोसामाजिक काउंसिलिंग, अस्थायी आश्रय तथा अन्य आवश्यक सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण के क्षेत्र में निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। महिलाओं को न्याय, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा सखी वन स्टॉप सेंटर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि बेटियां परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्हें शिक्षा, सुरक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें तथा शासन की महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। लाडली लक्ष्मी आश्वासन पत्र एवं किट प्रदान की महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत दो बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी आश्वासन पत्र प्रदान किया साथ ही माताओं को लाडली लक्ष्मी किट प्रदान कर उनके उज्ज्वल, सुरक्षित एवं समृद्ध भविष्य की शुभकामनाएं दीं। स्वच्छ एवं सुंदर आंगनवाड़ी स्पर्धा के तहत प्रमाण पत्र महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने जिले में आंगनवाड़ी भवन के उन्नयन के लिए संचालित स्वच्छ एवं सुंदर आंगनवाड़ी स्पर्धा के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाली 12 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहे।
उत्तर प्रदेश: तकनीकी खराबी और खाद की किल्लत से किसान हुआ बेहाल, पीओएस मशीनों ने बढ़ाई परेशानी
