-
☰
No image found.
मध्य प्रदेश: सनावद पुलिस ने गौवंश तस्करी का वाहन पकड़ा, 3 गौवंश हुए बरामद
- Photo by : social media
संक्षेप
मध्य प्रदेश: खरगोन जिले के सनावद में पुलिस ने अवैध गौवंश परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन गौवंशों को मुक्त कराया है।
विस्तार
मध्य प्रदेश: खरगोन जिले के सनावद में पुलिस ने अवैध गौवंश परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन गौवंशों को मुक्त कराया है। पुलिस ने मौके से एक टाटा इंट्रा लोडिंग वाहन भी जब्त किया है। मामले में वाहन चालक करण चौहान को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध गौवंश तस्करी पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना सनावद पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि टाटा इंट्रा वाहन क्रमांक MH01DR8862 में गौवंशों को क्रूरतापूर्वक भरकर महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी उपनिरीक्षक धर्मेंद्र यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर बासवा बायपास पर नाकाबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध वाहन वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक वाहन लेकर आगे निकल गया। इसके बाद पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने अपना नाम करण पिता अंकुश चौहान निवासी टेम्बुरनी, जिला जालना, महाराष्ट्र बताया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें तीन गौवंश क्रूरतापूर्वक भरे हुए मिले। परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे जाने पर चालक कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर तीनों गौवंशों को मुक्त कराया। इस मामले में थाना सनावद में अपराध क्रमांक 499/26 के तहत मध्य प्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9 और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ) में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में आरोपी के खिलाफ इसी वर्ष सनावद थाने में भी गोवंश संबंधी मामला दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पूरी कार्रवाई एसडीओपी बड़वाह मुकेश ईजारदार रावत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव और पुलिस टीम द्वारा की गई।
