-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बस्ती में परिवार पर जानलेवा हमला, मां की इलाज के दौरान मौत; पिता-बेटी और बेटा गंभीर रूप से घायल'
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: कलवारी थाना क्षेत्र के ताहिरपुर गांव में एक परिवार पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हमले में घायल मां की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पिता, बेटी और बेटा भी गंभीर रूप से घायल होक
विस्तार
उत्तर प्रदेश: कलवारी थाना क्षेत्र के ताहिरपुर गांव में एक परिवार पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हमले में घायल मां की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पिता, बेटी और बेटा भी गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। मामले में पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना 10 नवंबर को शाम करीब 4:12 बजे की है। ताहिरपुर निवासी अखिलेश यादव पुत्र सुधा शंकर ने कलवारी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि विपक्षियों ने एकराय होकर पूर्व नियोजित तरीके से उनके परिवार पर हमला किया। आरोप है कि हमलावर लोहे की रॉड और धारदार हथियार लेकर पहुंचे थे। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ा और आरोपियों ने परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। हमले में अखिलेश की मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, पिता, छोटी बहन और अखिलेश भी हमले में गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मां की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। इस मामले में कलवारी थाने में मुकदमा अपराध संख्या 275/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 191(2), 191(3), 190, 103(1), 109(1), 115(2) और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर की कार्रवाई घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित की गईं। अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार ने पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस के मुताबिक, बुधवार 11 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसके अलावा एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आलोक यादव पुत्र प्रेमचंद निवासी ताहिरपुर और लक्ष्मी पत्नी रामनयन यादव निवासी बैजलपुर, थाना कलवारी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों और बाल अपचारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजने की प्रक्रिया की। इन पुलिसकर्मियों ने की गिरफ्तारी कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज कुमार पांडेय, कांस्टेबल अभिषेक शर्मा, दिवाकर कुमार, महिला कांस्टेबल नीलम यादव और कंचन मौर्य शामिल रहीं घटना के बाद ताहिरपुर गांव में शोक और सन्नाटे का माहौल है। एक ही परिवार के चार सदस्यों पर हुए हमले और मां की मौत से ग्रामीण स्तब्ध हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और शांति व्यवस्था कायम है।
