-
☰
No image found.
महाराष्ट्र: बारिश के बीच हुआ बड़ा हादसा, एक परिवार के पांच सदस्यों की गई जान
- Photo by : social media
संक्षेप
महाराष्ट्र: मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच हुए एक दर्दनाक हादसे ने उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया।
विस्तार
महाराष्ट्र: मुंबई में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच हुए एक दर्दनाक हादसे ने उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। मुंबई के मानखुर्द इलाके में एक मकान के ऊपर तीन मंजिला इमारत गिरने से बस्ती के मूल निवासी एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे में जान गंवाने वालों में अख्तर जहां (45 वर्ष), उनकी 14 वर्षीय बेटी कैसर, 7 वर्षीय बेटे जलालुद्दीन, 6 वर्षीय बेटे सेराजुद्दीन और 3 वर्षीय बेटी अनामिया शामिल हैं। बताया गया कि हादसे के समय परिवार के मुखिया मोइनुद्दीन सब्जी खरीदने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। इसी कारण उनकी जान बच गई, लेकिन कुछ ही पलों में उन्होंने अपनी पत्नी और चारों बच्चों को हमेशा के लिए खो दिया। इस हृदयविदारक घटना की सूचना मिलते ही बस्ती जिले के पैतृक गांव रसूलपुर/चौकिया (पुरानी बस्ती) में शोक की लहर दौड़ गई। बाद में सभी शव एंबुलेंस से गांव लाए गए, जहां परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ अंतिम दर्शन के लिए उमड़ पड़ी। जानकारी के अनुसार, मृतका अख्तर जहां का मायका बाघनगर में था। हादसे की खबर मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग भी गांव पहुंच गए। पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया और हर घर में इस हादसे की चर्चा होती रही। लोगों का कहना था कि एक ही पल में पूरा परिवार खत्म हो जाना बेहद दुखद और असहनीय है। गमगीन माहौल में मां और उसके चार मासूम बच्चों का जनाजा एक साथ उठाया गया। यह दृश्य इतना मार्मिक था कि वहां मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम हो गईं। आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में लोग अंतिम यात्रा में शामिल होने पहुंचे और दिवंगतों को नम आंखों से अंतिम विदाई दी। जनाजे के दौरान पूरे गांव में सन्नाटा पसरा रहा और हर कोई शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने की कोशिश करता नजर आया। स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार लंबे समय से रोजी-रोटी के लिए मुंबई में रह रहा था और मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवनयापन करता था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि बारिश के बीच हुआ यह हादसा पूरे परिवार की जिंदगी बदल देगा। इस घटना ने न केवल बस्ती जिले बल्कि पूरे क्षेत्र के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीण दिवंगत आत्माओं की मगफिरत और शोक संतप्त परिजनों को इस अपार दुख को सहने की शक्ति देने की दुआ कर रहे हैं। वहीं, प्रशासनिक स्तर पर भी परिजनों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही जा रही है। इस हादसे ने एक बार फिर बारिश के मौसम में जर्जर इमारतों की सुरक्षा और शहरी क्षेत्रों में भवनों की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उत्तर प्रदेश: रुधौली एथेनॉल प्लांट पर कंपनी की सफाई, अफवाहों का किया खंडन
उत्तर प्रदेश: खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, थोक विक्रेता से जीरा का नमूना जांच के लिए भेजा
उत्तर प्रदेश: 19 करोड़ रुपये के फर्जी जीएसटी घोटाले में दो आरोपियों की जमानत याचिका खारिज
उत्तर प्रदेश: हमीद सेतु के नीचे गंगा किनारे मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान में जुटी पुलिस
