-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: कार्तिक पूर्णिमा पर टांडा पुल और वैष्णोपुर में उमड़ी भीड़, प्रशासन मुस्तैद
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर टांडा पुल और ग्राम सभा वैष्णोपुर में श्रद्धा और आस्था का संगम देखने को मिला। स्नान और पूजा-पाठ के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर टांडा पुल और ग्राम सभा वैष्णोपुर में श्रद्धा और आस्था का संगम देखने को मिला। स्नान और पूजा-पाठ के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। वहीं वैष्णोपुर में आयोजित मेले और रावण दहन कार्यक्रम में भी लोगों की भीड़ जुटी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना के निर्देशन में अधिकारियों और पुलिस की टीम ने पूरी रात व्यवस्थाओं की निगरानी की। कड़ी निगरानी और सुरक्षा इंतजामों के बीच स्नान पर्व और मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। 23 नवंबर की मध्य रात्रि से 24 नवंबर तक टांडा पुल के समीप श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। लोगों ने स्नान के बाद पूजा-अर्चना की। स्नान पर्व के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था या अप्रिय घटना न हो, इसके लिए प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा और बचाव के इंतजाम किए थे। टांडा पुल के दोनों तरफ श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए बैरिकेडिंग कराई गई थी। पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी की गई, जिससे रात के समय लोगों को आने-जाने में परेशानी न हो। मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती और एसडीएम सदर प्रमोद कुमार पूरी रात मेले और स्नान स्थल पर मौजूद रहे। दोनों अधिकारी श्रद्धालुओं के बीच पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। उन्होंने सुरक्षा, साफ-सफाई, पार्किंग और अन्य सुविधाओं की स्थिति पर नजर रखी। उनके साथ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक टीम भी लगातार मुस्तैद रही, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सुरक्षा के लिए तैनात रहे गोताखोर, स्टीमर और नाव टांडा पुल के दोनों तरफ स्नान के दौरान सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गोताखोरों की तैनाती की गई थी। इसके साथ ही स्टीमर और नाव की व्यवस्था भी रखी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल बचाव कार्य किया जा सके। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए खोया-पाया कैंप और मेडिकल कैंप भी स्थापित किए गए थे। घाट और कार्यक्रम स्थल पर साफ-सफाई के साथ पार्किंग की समुचित व्यवस्था कराई गई थी। मेडिकल टीम और अग्निशमन विभाग भी रहा मुस्तैद टांडा पुल और कार्यक्रम स्थल पर चिकित्सकों की टीम तैनात रही। किसी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर फायर ब्रिगेड, अग्निशमन यंत्र और अन्य अग्नि सुरक्षा संबंधी इंतजाम भी किए गए थे। प्रशासन ने भीड़ को नियंत्रित रखने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए थे। मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा के पर्व पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। सभी संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि पर्व और मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके। प्रशासनिक अधिकारियों की लगातार निगरानी और पहले से की गई व्यवस्थाओं के चलते टांडा पुल पर स्नान पर्व तथा वैष्णोपुर का मेला सकुशल संपन्न हुआ।
