Contact for Advertisement 9650503773


उत्तर प्रदेश: डीएम का सड़कों पर सख्त निरीक्षण, निर्माण में लापरवाही पर दी चेतावनी

- Photo by : social media

उत्तर प्रदेश  Published by: Ramkesh Vishwakarma , उत्तर प्रदेश  Edited By: Kunal, Date: 13/05/2026 05:27:35 pm Share:
  • उत्तर प्रदेश
  • Published by.: Ramkesh Vishwakarma ,
  • Edited By.: Kunal,
  • Date:
  • 13/05/2026 05:27:35 pm
Share:

संक्षेप

उत्तर प्रदेश: जनपद गाजीपुर के जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने आज शहर की विभिन्न सड़कों का निरीक्षण कर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

विस्तार

उत्तर प्रदेश: जनपद गाजीपुर के जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने आज शहर की विभिन्न सड़कों का निरीक्षण कर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं ताकि आमजन को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।

जिलाधिकारी ने शहर के प्रमुख मार्गों में सिचाई विभाग, विकास भवन, पी0जी0कालेज, आदर्श बाजार, नवीन स्टेडियम, आई0टी0आई0 चौराहा होते हुए शास्त्री नगर एवं निर्माणाधीन सड़कों का स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यों की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने पी0डब्लू डी0के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि 31 मई, 2026 तक निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर तेजी से पूरा किया जाए, जिससे नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके। 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किए जाएं तथा कार्यस्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने एवं समय-समय पर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शहर के विकास एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सड़क निर्माण कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। 

उन्होंने अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने एवं आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने भी सड़क निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग रखी, जिस पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य राजस्व अधिकारी आयुष चौधरी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।