-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: बरेली में भैंस चोरी के आरोपियों से पुलिस की मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली; दूसरा साथी भी गिरफ्तार
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और दो संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई।
विस्तार
उत्तर प्रदेश: बरेली के मीरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और दो संदिग्ध बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान दोनों आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके दूसरे साथी को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी रामपुर जिले के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार, मामला 5 सितंबर का है। उस दिन तड़के करीब 3 बजे दो बदमाश नौगवा गांव में पहुंचे थे और दो भैंसों को चोरी कर पिकअप में लादकर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान ग्रामीणों की नींद खुल गई। लोगों के जागने पर बदमाश भैंस और पिकअप छोड़कर मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। गुरुवार देर रात मीरगंज पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को संदिग्ध बदमाशों के बारे में सूचना मिली। पुलिस टीम ने भाखड़ा नदी पुल के पास नौगवा जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की। रात करीब 2:25 बजे पुलिस को वहां दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार, रोकने की कोशिश करने पर दोनों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, जवाबी फायरिंग में उस्मान पुत्र नक्शे अली निवासी खेमपुर, थाना अजीमनगर, रामपुर के दाहिने पैर में गोली लगी। गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए सीएचसी मीरगंज भेजा। वहीं उसके साथी रईस पुत्र मोहम्मद शाह निवासी महेशपुरा, थाना भोट, रामपुर को भी पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो तमंचे, कारतूस, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। उस्मान के पास से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, 300 रुपये और वीवो मोबाइल मिला। वहीं रईस के पास से 12 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, 250 रुपये और ओप्पो मोबाइल बरामद किया गया। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने 5 सितंबर को नौगवा से दो भैंस चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक, ग्रामीणों के जागने के बाद आरोपी भैंस और पिकअप छोड़कर फरार हो गए थे। पूछताछ में चोरी की घटना में शामिल कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आने की बात कही जा रही है। भैंस चोरी में इस्तेमाल पिकअप संख्या UP 23 AT 1609 और दोनों भैंस पहले ही बरामद की जा चुकी हैं। इस मामले में मीरगंज थाने में मुकदमा अपराध संख्या 445/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज है। पुलिस ने मुठभेड़ को लेकर अलग से मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
