-
☰
No image found.
उत्तर प्रदेश: प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं से किया संवाद, विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम-2026 के प्रतिभागियों को मिली प्रेरणा
- Photo by : social media
संक्षेप
उत्तर प्रदेश: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत (MY Bharat) प्लेटफॉर्म द्वारा आयोजित विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम–2026 के अंतर्गत आज मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र
विस्तार
उत्तर प्रदेश: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के माय भारत (MY Bharat) प्लेटफॉर्म द्वारा आयोजित विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम–2026 के अंतर्गत आज मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने देश भर के युवा प्रतिभागियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रेरणादायी संवाद किया। इस अवसर पर देशभर के लगभग 250 स्थानों से कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया। अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जनपद के एनआईसी सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आयोजित किया गया, जिसमें युवा स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए मा0 प्रधानमंत्री जी के प्रेरणादायी संबोधन को देखा और सुना। कार्यक्रम के अंतर्गत देशभर के 400 से अधिक युवा प्रतिभागियों ने लद्दाख, हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड के चयनित सीमावर्ती गांवों का भ्रमण किया तथा वहां स्थानीय समुदायों के साथ रहकर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं विकासात्मक गतिविधियों में सहभागिता की। सीमावर्ती गांवों में प्रवास के दौरान प्रतिभागियों ने स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं को निकट से जाना, स्थानीय परिवारों के साथ संवाद स्थापित किया तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान, स्वच्छता अभियान, सरकारी योजनाओं के प्रति जनजागरूकता, वृक्षारोपण, युवा संवाद, स्थानीय कारीगरों एवं ग्रामवासियों से संवाद जैसी अनेक गतिविधियों में सक्रिय योगदान दिया। इस अनुभव ने युवाओं में राष्ट्र निर्माण, राष्ट्रीय एकता तथा सीमावर्ती गांवों के महत्व के प्रति नई समझ और प्रेरणा का संचार किया। जनपद संत कबीर नगर के प्रतिभागी देव प्रकाश, जिन्होंने कार्यक्रम के अंतर्गत सीमावर्ती गांवों का भ्रमण किया था, वर्तमान में पुणे से वर्चुअल माध्यम द्वारा मा0 प्रधानमंत्री जी के संवाद में शामिल हुए। वहीं जनपद संत कबीर नगर में आयोजित कार्यक्रम में गौरी पांडेय, राधा शुक्ला, अजय कुमार, रविशंकर, राज प्रसून, विनोद सोनी सहित 22 युवा स्वयंसेवक उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रधानमंत्री जी के प्रेरणादायी संबोधन को सुना तथा कार्यक्रम से प्रेरणा प्राप्त की। इस अवसर पर अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने युवा स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों से संवाद करते हुए माय भारत के माध्यम से उपलब्ध राष्ट्र सेवा के अवसरों की जानकारी दी तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी एवं असिस्टेंट प्रोग्राम असिस्टेंट (APA) की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के सफल एवं निर्बाध लाइव प्रसारण हेतु एनआईसी (NIC) की ओर से एडीआईओ बृजेंद्र यादव एवं एनएफई विपिन जायसवाल द्वारा तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि माय भारत पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज़ प्रतियोगिता में देशभर के 03 लाख से अधिक युवाओं ने भाग लिया था। इस प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं का चयन विकसित वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम–2026 के लिए किया गया।
मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने संवाद के दौरान प्रतिभागियों के अनुभव सुने तथा सीमावर्ती गांवों को "देश के प्रथम गांव" बताते हुए युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि दूरस्थ सीमावर्ती क्षेत्रों में भी यूपीआई, आयुष्मान भारत सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है और इनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
